अवैध फड़ी लगाने वालों से वसूली का आरोप, सब्जी मंडी के वाशरूम के पास ट्रैप
साथ मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी की भूमिका भी जांच के दायरे में
बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 31 मार्च: केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-26 थाना क्षेत्र के बीट इंचार्ज हवलदार सुनील यादव को अवैध फड़ी लगाने वाले से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सीबीआई द्वारा लगाए गए ट्रैप के तहत की गई। आरोपी हवलदार को सेक्टर-26 स्थित सब्जी मंडी के पास वाशरूम के नजदीक उस समय पकड़ा गया, जब वह कथित तौर पर अवैध रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले से पैसे ले रहा था।
शिकायत के आधार पर बिछाया गया जाल
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई को पहले ही शिकायत मिली थी कि इलाके में अवैध फड़ी लगाने वालों से पुलिसकर्मी नियमित रूप से वसूली कर रहे हैं। इस शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद सीबीआई टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।
दूसरा पुलिसकर्मी भी जांच के घेरे में
कार्रवाई के दौरान मौके पर एक अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद था। हालांकि उसकी भूमिका अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन सीबीआई उसे भी पूछताछ के दायरे में लेकर जांच कर रही है। संभावना है कि यह मामला अकेले एक व्यक्ति तक सीमित न होकर एक संगठित वसूली नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
आरोपी से पूछताछ जारी
सीबीआई ने आरोपी हवलदार को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किए जाने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह कब से इस तरह की अवैध वसूली में शामिल था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद चंडीगढ़ पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और आंतरिक स्तर पर भी जांच शुरू किए जाने की संभावना है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
यह पहला मौका नहीं है जब चंडीगढ़ में पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हों। इससे पहले भी विभिन्न मामलों में रिश्वतखोरी को लेकर कार्रवाई हो चुकी है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
फिलहाल, सीबीआई की टीम आगे की जांच में जुटी है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।










Total Users : 291146
Total views : 493328