April 20, 2026 8:58 pm

April 20, 2026 8:58 pm

HARYANA: ऊर्जा मंत्री अनिल विज का सख्त आदेश: 15 दिन में जारी हों बकाया वसूली के नोटिस, बिजली चोरी पर कड़ा शिकंजा

हरियाणा में 8,200 करोड़ रुपये की बकाया वसूली के लिए तेज होगा विशेष अभियान

गर्मियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर बदलने की तय समयसीमा और ‘सूर्य घर योजना’ को रफ्तार देने के निर्देश

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 20 अप्रैल: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री Anil Vij ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि भूमि वसूली अधिनियम के तहत स्थायी रूप से काटे गए बिजली कनेक्शनों वाले उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली के लिए 15 दिनों के भीतर पुनः नोटिस जारी किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वसूली प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य में कुल 8,200 करोड़ रुपये की बकाया राशि लंबित है, जिसकी वसूली के लिए विशेष अभियान तेज किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर बकाया वसूली की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि विभाग की वित्तीय स्थिति मजबूत हो सके और बिजली व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित की जा सके।

बिजली चोरी करने वालों को अंतिम मौका
Anil Vij ने कहा कि बिजली चोरी के मामलों में भी अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन उपभोक्ताओं के यहां बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं, उन्हें एक बार फिर भूमि वसूली अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करवाने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद भी भुगतान न करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि बिजली चोरी केवल विभाग को आर्थिक नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि ईमानदारी से बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त बोझ डालती है। इसलिए इस प्रवृत्ति पर पूरी सख्ती से रोक लगाई जाएगी।

गर्मियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश
ऊर्जा मंत्री ने हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य की बिजली कंपनियां उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने के लिए स्पष्ट समयसीमा तय की गई है।

शहरी क्षेत्रों में 2 घंटे, ग्रामीण क्षेत्रों में 4 घंटे में बदले जाएंगे ट्रांसफार्मर
Anil Vij ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मरों को अधिकतम 2 घंटे के भीतर और ग्रामीण क्षेत्रों में 4 घंटे के भीतर बदला जाना अनिवार्य होगा। इसके लिए प्रत्येक उप-मंडल में पर्याप्त ट्रांसफार्मर बैंक और मोबाइल ट्रॉलियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि दैनिक बिजली आपूर्ति और शिकायत निवारण से संबंधित डेटा नियमित रूप से ऊर्जा मंत्री कार्यालय को भेजा जाए, ताकि कार्य की निरंतर निगरानी की जा सके।

बारिश और आंधी से पहले फीडरों के आसपास पेड़ों की छंटाई
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को 11 केवी और 33 केवी फीडरों के आसपास समय रहते पेड़ों की छंटाई करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो। साथ ही ट्रांसफार्मरों के परिवहन के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने और किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के भी निर्देश दिए गए।

सुरक्षा मानकों पर कोई समझौता नहीं
Anil Vij ने विभागीय कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सभी तकनीकी कर्मचारी निर्धारित सुरक्षा किट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही विभाग में सामग्री की उपलब्धता, पारदर्शी इन्वेंट्री प्रबंधन और ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्य प्रणाली अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बन सके।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को मिलेगी रफ्तार
ऊर्जा मंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्च 2027 तक 2.2 लाख घरों तक सौर ऊर्जा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसे हर हाल में समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मासिक लक्ष्य तय कर नियमित मॉनिटरिंग के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और हरियाणा में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल सके।

आमजन को परेशानी नहीं होनी चाहिए
अंत में Anil Vij ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि राज्य में निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 1 3 3 9
Total Users : 301339
Total views : 508179

शहर चुनें