October 12, 2026 10:08 pm

October 12, 2026 10:08 pm

CHANDIGARH: आईएसबीटी सेक्टर-43 में चंडीगढ़ पुलिस की मॉक ड्रिल,

गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा तैयारियों का परखा गया स्तर

चंडीगढ़, 6 जनवरी 2026: आगामी गणतंत्र दिवस समारोह और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को आईएसबीटी सेक्टर-43 में चंडीगढ़ पुलिस ऑपरेशन सेल द्वारा एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास सुश्री गीतांजलि खंडेलवाल आईपीएस, एसपी/ऑपरेशन के निर्देशन में तथा विकास शेओकंद, डीएसपी/ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य चंडीगढ़ पुलिस की काउंटर टीमों और चंडीगढ़ प्रशासन की विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के बीच समन्वय, तत्परता और प्रतिक्रिया क्षमता की जांच करना था। अभ्यास के दौरान ऑपरेशन सेल के कमांडो ने आईएसबीटी सेक्टर-43 को चारों ओर से घेरकर खाली कराया। इसके बाद एचआईटी टीमों, बम डिटेक्शन स्क्वाड और डॉग स्क्वाड द्वारा संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें एक नकली बम को सफलतापूर्वक बरामद किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी), पीसीआर वाहन, जीएमएसएच-16 और पुलिस अस्पताल सेक्टर-26 की एम्बुलेंस, डायल-112, अग्निशमन वाहन, नागरिक सुरक्षा टीम, मोबाइल फोरेंसिक टीम, जिला अपराध सेल, अपराध शाखा तथा थाना सेक्टर-36 की टीम मौके पर तुरंत पहुंची, जिससे विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल का प्रदर्शन हुआ।
बरामद किए गए डमी बम को चंडीगढ़ पुलिस के पायलट और एस्कॉर्ट पीसीआर वाहनों के साथ सैंड बैग ट्रक में सुरक्षित रूप से पुलिस लाइंस, सेक्टर-26 के खुले मैदान में ले जाकर निष्क्रिय किया गया। इसके बाद आईएसबीटी परिसर की दोबारा गहन तलाशी ली गई, जिसमें कोई अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
चंडीगढ़ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के मॉक अभ्यास सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को परखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 3 2 2
Total Users : 429322
Total views : 684604

शहर चुनें