October 12, 2026 2:10 pm

October 12, 2026 2:10 pm

HARYANA: जींद–सोनीपत रूट पर जल्द दौड़ेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन, टेस्टिंग सफल

चंडीगढ़: देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन अब जल्द ही पटरी पर दौड़ने को तैयार है। इस दिशा में एक अहम कदम के तहत लखनऊ से आई विशेष तकनीकी टीम ने ट्रेन की व्यापक टेस्टिंग की। परीक्षण के दौरान टीम का मुख्य फोकस पावर कार, उससे जुड़े सुरक्षा एवं नियंत्रण उपकरणों पर रहा। स्पीड सेंसर और कंट्रोल सिस्टम को अलग–अलग गति पर परखा गया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ट्रेन सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरी उतरती है।
टेस्टिंग के दौरान ट्रेन को धीमी और मध्यम गति से चलाकर विभिन्न उपकरणों की कार्यक्षमता को रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के पायदानों की मजबूती और ऊंचाई की भी बारीकी से जांच की गई।

रेलवे की तैयारियां अंतिम चरण में
उत्तर रेलवे द्वारा जींद से सोनीपत के बीच प्रस्तावित इस हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। ट्रेन के ईंधन की आपूर्ति के लिए जींद में स्थापित हाइड्रोजन प्लांट को अंतिम कमीशनिंग के साथ नियमित संचालन हेतु 11 केवी की स्थिर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अधिकारियों के साथ हाइब्रिड मोड में बैठक की। बैठक में प्लांट की मौजूदा बिजली आपूर्ति स्थिति, बैकअप व्यवस्थाओं और भविष्य की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्य सचिव के सख्त निर्देश
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना में भविष्य में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। इसके लिए बिजली आपूर्ति प्रणाली की नियमित समीक्षा, वैकल्पिक व्यवस्थाएं और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि इस परियोजना के तहत जींद में तीन किलोग्राम भंडारण क्षमता वाला देश का सबसे बड़ा हाइड्रोजन प्लांट स्थापित किया गया है, जो कमीशनिंग के अंतिम चरण में है। चूंकि यह प्लांट 24 घंटे संचालित रहेगा, इसलिए निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है।
डीएचबीवीएन अधिकारियों ने मुख्य सचिव को आश्वस्त किया कि प्लांट को स्थिर विद्युत आपूर्ति दी जा रही है और अतिरिक्त निगरानी व त्वरित रखरखाव की भी व्यवस्था की गई है। उत्तर रेलवे ने भी बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया है। बैठक में डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े, जबकि मुख्य अभियंता राजेंद्र सभ्रवाल भी उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 8
Total Users : 429178
Total views : 684399

शहर चुनें