चंडीगढ़। चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया ने भाजपा सरकार पर रोजगार के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार के रोजगार देने के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं और प्रदेश की अधिकांश बड़ी भर्तियां या तो अदालतों में उलझी हैं या जानबूझकर अधूरी छोड़ी जा रही हैं।
निशित कटारिया ने कहा कि हरियाणा आज देश में बेरोजगारी के मामले में शीर्ष राज्यों में शामिल है, लेकिन जो भी सरकारी नौकरियां निकलती हैं, उनमें प्रदेश के युवाओं को प्राथमिकता नहीं दी जा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीति “नौकरी बाहर वालों को और ठोकर अपनों को” जैसी बन चुकी है। कटारिया ने तंज कसते हुए कहा कि जैसे मुख्यमंत्री का रिमोट कंट्रोल दिल्ली से चलता है, वैसे ही हरियाणा की नौकरियों का कंट्रोल बिहार में बैठे अधिकारियों के हाथ में सौंप दिया गया है।
उन्होंने Assistant Professor (English) भर्ती का उदाहरण देते हुए बताया कि 613 पदों में से केवल 151 अभ्यर्थियों का ही चयन किया गया, जबकि शेष पद खाली छोड़ दिए गए। आरक्षित वर्गों की स्थिति को लेकर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए। कटारिया के अनुसार DSC की 60 सीटों में से सिर्फ 1, OSC की 60 में से 2, BC(A) की 85 में से 5, BC(B) की 36 में से 3 और EWS की 60 में से केवल 6 उम्मीदवारों का चयन किया गया। उन्होंने इसे दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों के आरक्षण अधिकारों को खत्म करने की साजिश बताया।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने अन्य भर्तियों का हवाला देते हुए कहा कि Haryana Power Utilities में Assistant Engineer भर्ती के दौरान सामान्य वर्ग के 214 उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया, जिनमें से 185 हरियाणा से बाहर के थे। Civil Judge भर्ती में चयनित 110 अभ्यर्थियों में से 60 बाहरी रहे। इसी तरह Irrigation Department में AE (Civil) भर्ती में 49 में से 28 और Technical Education Department में लेक्चरर भर्ती में 153 में से 106 उम्मीदवार हरियाणा के बाहर से थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 की SDO (Electrical) भर्ती को भी विरोध के बाद रद्द करना पड़ा था।
कटारिया ने 35 प्रतिशत न्यूनतम अंकों के मापदंड को एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा कि इसी के जरिए Group A और B की भर्तियों में बड़ी संख्या में पद खाली छोड़े जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि PGT लेक्चरर के 2577 पदों में से 978 और Ayurvedic Medical Officer के 805 पदों में से 275 सीटें खाली रहना इसका स्पष्ट प्रमाण है।
निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को केवल जुमले और आंकड़ों के सहारे गुमराह कर रही है। रोजगार के नाम पर घोषणाएं तो की जाती हैं, लेकिन न भर्तियां पूरी होती हैं और न ही युवाओं को उनका हक मिलता है। आरक्षण के साथ खिलवाड़ कर दलित, पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को लगातार हाशिये पर धकेला जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि युवा कांग्रेस इस अन्याय को चुपचाप सहन नहीं करेगी और प्रदेश के हर जिले में युवाओं की आवाज बुलंद कर सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगी। कटारिया ने सरकार से सवाल किया कि CET क्वालिफाइड करीब 8.12 लाख युवाओं को हर महीने 9 हजार रुपये देने का वादा आखिर कब पूरा होगा। साथ ही HSSC और HPSC द्वारा Exam Calendar जारी न करने और भर्तियों को जानबूझकर कोर्ट में उलझाकर पंचवर्षीय योजना की तरह लटकाने का आरोप भी लगाया।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही प्रदेश के युवाओं के हक में ठोस कदम नहीं उठाए, तो युवा कांग्रेस आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
इस अवसर पर प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव, ज़िलाध्यक्ष हरमनप्रीत सिंह हैरी, उधम सिंह, शुभम नाहर, जगदीप शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष निखिल शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष रूपिंदर सिंह, परमिंदर सिंह (डिप्टी), राहुल शर्मा, टोनी, शुभम सिंह, गुरदीप सिंह सहित कई युवा कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।













Total Users : 400377
Total views : 646006