August 29, 2026 6:20 am

August 29, 2026 6:20 am

HARYANA NEWS: विधायक बलराम डांगी के कार्यालय फायरिंग मामले में पुलिस मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

मामले में गैंग कनेक्शन की जांच जारी
बाबूगिरी हिन्दी ब्यूरो
रोहतक, 21 जून । महम से कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। खरकड़ा गांव के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी करीब 20 से 22 साल का है और उसका संबंध सुमित उर्फ छोटा हाथी गैंग से बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि विधायक के कार्यालय को निशाना बनाकर फायरिंग किस वजह से की गई थी और इसके पीछे कौन सी रंजिश या साजिश थी।

पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फायरिंग की घटना के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें सक्रिय थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि फायरिंग करने वाले दो बदमाशों में से एक बाइक पर सवार होकर महम की तरफ जा रहा है और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने खरकड़ा गांव के पास नाकाबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने बाइक से भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान बाइक फिसल गई और आरोपी खेतों की तरफ भाग गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
मुठभेड़ की सूचना के बाद एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विधायक कार्यालय पर फायरिंग की वजह क्या थी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या है।

शुक्रवार रात हुई थी विधायक कार्यालय पर फायरिंग
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने महम स्थित कांग्रेस विधायक बलराम डांगी के कार्यालय पर करीब चार राउंड फायरिंग की थी। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया था कि बदमाश बेखौफ होकर फायरिंग करते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं। खास बात यह रही कि घटना महम पुलिस स्टेशन के सामने हुई, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे।

दूसरा आरोपी अभी फरार
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महम डीएसपी तरुण शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग करने वाले आरोपियों में से एक बाइक से महम की ओर आ रहा है। नाकाबंदी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे इलाज के लिए पीजीआई भेजा गया है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर विधायक कार्यालय पर फायरिंग क्यों की गई और इसके पीछे किसका हाथ है। जांच आगे बढ़ने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 9 6
Total Users : 400096
Total views : 645634

शहर चुनें