October 12, 2026 2:53 pm

October 12, 2026 2:53 pm

चंडीगढ़: नगर निगम के धन के कथित दुरुपयोग की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग

वसीम मीर ने निगम आयुक्त को भेजी शिकायत, अधिकारियों व ठेकेदारों की भूमिका की जांच की उठाई मांग
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 7 अगस्त। सामाजिक कार्यकर्ता एवं सरकारी अस्पताल सेक्टर-16 की रोगी कल्याण समिति (RKS) के सदस्य वसीम मीर ने नगर निगम, चंडीगढ़ के आयुक्त को लिखित शिकायत देकर सेक्टर-40 स्थित एक बूथ के आसपास नगर निगम के धन और संसाधनों के कथित दुरुपयोग का मामला उठाया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में वसीम मीर ने आरोप लगाया है कि नगर निगम के कुछ अधिकारियों, ठेकेदारों तथा प्रभावशाली व्यक्तियों की कथित मिलीभगत से सरकारी संसाधनों का उपयोग निजी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। उनका कहना है कि नगर निगम के अधिकार क्षेत्र से बाहर की भूमि पर सरकारी बेंच लगाए गए, पेवर ब्लॉक बिछाए गए तथा सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कर सार्वजनिक धन का अनुचित इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने मांग की कि जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाए कि इन कार्यों के लिए किस अधिकारी या ठेकेदार ने स्वीकृति दी, किनके निर्देश पर सरकारी संसाधनों का उपयोग किया गया और यदि इसमें नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों, ठेकेदारों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि नगर निगम के धन का उपयोग नियमों के विपरीत हुआ है तो संबंधित व्यक्तियों से उसकी वसूली भी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लग सके।
वसीम मीर ने कहा कि सार्वजनिक धन जनता की मेहनत की कमाई से आता है और उसका उपयोग केवल जनहित के कार्यों के लिए होना चाहिए। यदि सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल किसी व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया है तो यह जनता के विश्वास के साथ धोखा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की अपील की।
फिलहाल इस शिकायत पर नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 0 0
Total Users : 429200
Total views : 684428

शहर चुनें