अगस्त के अंतिम सप्ताह में होगा हरियाणा की 16 सदस्यीय टीम का चयन
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
हिसार। रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में अंडर-19 वर्ग की तीसरी जूनियर राष्ट्रीय रिंग टेनिस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 9 से 11 सितंबर 2026 तक सनबीम स्कूल, अगरसांडा, बलिया (उत्तर प्रदेश) में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर की राज्य इकाइयों की टीमें भाग लेंगी। यह जानकारी देते हुए हरियाणा रिंग टेनिस एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष नरेश सेलपाड़, महासचिव शम्मी राजपूत एवं कोषाध्यक्ष सीमा दुग्गल ने बताया कि चैंपियनशिप में हरियाणा की ओर से 8 बालक, 8 बालिकाएं, एक कोच एवं एक मैनेजर सहित कुल 18 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा। हरियाणा की टीम के चयन के लिए अगस्त माह के अंतिम सप्ताह में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल की तिथि एवं स्थान की घोषणा जल्द की जाएगी। हरियाणा रिंग टेनिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश के सभी जिलों, अकादमियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ट्रायल में शामिल करवाने की अपील की है, ताकि राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हरियाणा की एक मजबूत टीम तैयार की जा सके।
1 अप्रैल 2008 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा:-
हरियाणा रिंग टेनिस एसोसिएशन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे, जिनका जन्म 1 अप्रैल 2008 या उसके बाद हुआ है। अर्थात 1 अप्रैल 2008 या उसके बाद जन्म लेने वाले खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे। आयु प्रमाण के लिए खिलाड़ियों को अपना मूल आधार कार्ड, आधार कार्ड की फोटो कॉपी तथा विद्यालय/कॉलेज का बोनाफाइड प्रमाण पत्र अथवा अन्य मान्य आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
सभी जिलों एवं अकादमियों के खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर
प्रदेशाध्यक्ष नरेश सेलपाड़ ने बताया कि हरियाणा की सर्वश्रेष्ठ टीम तैयार करने के लिए प्रदेश के सभी जिला रिंग टेनिस संघों, राज्य में संचालित रिंग टेनिस अकादमियों तथा अन्य राज्यों में रह रहे हरियाणा के खिलाड़ियों को भी ट्रायल में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा। ट्रायल के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्धारित नियमों के अनुसार खेले जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों के लिए अपने राज्य की निर्धारित यूनिफॉर्म एवं स्पोर्ट्स शूज पहनना अनिवार्य होगा।
इस प्रकार रहेगी हरियाणा की टीम
हरियाणा की टीम में अंडर-19 वर्ग में विभिन्न स्पर्धाओं के लिए 8 बालक एवं 8 बालिकाएं शामिल होंगी। प्रतियोगिता में बालक एकल, बालिका एकल, बालक युगल, बालिका युगल तथा मिश्रित युगल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। फेडरेशन के अनुसार प्रत्येक राज्य से 8 बालक, 8 बालिकाएं हिस्सा ले सकेंगे। महासचिव शम्मी राजपूत ने बताया कि हरियाणा की टीम 8 सितंबर 2026 की शाम तक बलिया, उत्तर प्रदेश पहुंचेगी और प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद 11 सितंबर की शाम को हरियाणा के लिए रवाना होगी।
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
कोषाध्यक्ष सीमा दुग्गल ने बताया कि ट्रायल एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को निम्न दस्तावेज रिंग टेनिस एसोसिएशन को जमा करवाने होंगे। जिनमें मुख्य रुपसे मूल आधार कार्ड, आधार कार्ड की फोटो कॉपी, विद्यालय/कॉलेज का बोनाफाइड प्रमाण पत्र, आयु से संबंधित अन्य मान्य प्रमाण पत्र औरपासपोर्ट साइज के चार नवीनतम फोटो शामिल हैं। उन्होंने खिलाड़ियों एवं अभिभावकों से अपील की कि सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि चयन एवं प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।














Total Users : 385250
Total views : 625753