August 27, 2026 5:34 am

August 27, 2026 5:34 am

PANCHKULA: ट्रक चालकों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, 5 मोबाइल और 8 एटीएम कार्ड बरामद

रमेश गोयत
पंचकूला, 9 अगस्त। पंचकूला पुलिस ने सड़क किनारे खड़े ट्रकों में सोने वाले अथवा कुछ समय के लिए ट्रक से बाहर जाने वाले चालकों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को महज 24 घंटे में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,100 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन, 8 एटीएम/डेबिट कार्ड, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर चोरी और स्नैचिंग की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंडीमंदिर थाना पुलिस को यह सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (24), निवासी चंडीमंदिर और महेन्द्र (34), निवासी चंडीमंदिर के रूप में हुई है।

ट्रक की खिड़की का शीशा तोड़कर चोरी
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त की रात एक ट्रक चालक चंडीमंदिर लाइट पार करने के बाद सड़क किनारे अपना ट्रक खड़ा कर खाना खाने के लिए चला गया था। करीब 20 मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो ट्रक की खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था।
ट्रक चालक ने जांच की तो उसके दस्तावेज, बैंक पासबुक और नकदी सहित अन्य सामान गायब मिला। शिकायत मिलने के बाद चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, चंडीमंदिर थाना पुलिस की टीम ने मामले की जांच करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को 8 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 6,100 रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन, 8 एटीएम/डेबिट कार्ड, पर्स और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।

रात के समय बनाते थे ट्रक चालकों को निशाना
जांच में सामने आया कि आरोपी रात के समय सड़क किनारे खड़े ट्रकों की निगरानी करते थे। जब कोई ट्रक चालक सो जाता या थोड़ी देर के लिए ट्रक से बाहर जाता, तो आरोपी मौका देखकर ट्रक की खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर रखा नकदी, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

पहले से दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महेन्द्र के खिलाफ चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि अजय के खिलाफ चोरी का एक मामला दर्ज है।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पंचकूला पुलिस का कहना है कि चोरी की अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 8 7 2 6
Total Users : 398726
Total views : 643668

शहर चुनें