October 12, 2026 3:11 pm

October 12, 2026 3:11 pm

CHANDIGARH: सेंट जॉन्स हाई स्कूल में 7वें ऑल इंडिया डिबेट का समापन, देशभर के युवा वक्ताओं ने दिखाया तर्क और अभिव्यक्ति का दम

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 9 अगस्त: सेंट जॉन्स हाई स्कूल, चंडीगढ़ में आयोजित 7वें सेंट जॉन्स ऑल इंडिया डिबेट (SJAID 2026–2027) का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 7 और 8 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 20 से अधिक स्कूलों के युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और वाद-विवाद, तार्किक सोच तथा प्रभावी अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में स्वतंत्र चिंतन, तार्किक क्षमता और सार्थक बौद्धिक संवाद को बढ़ावा देना रहा। सेंट जॉन्स ऑल इंडिया डिबेट की स्थापना रेडिफ्यूजन के एमडी डॉ. संदीप गोयल ने अपने विश्वविद्यालय के डिबेटिंग अनुभव से प्रेरित होकर की थी। उनके विजन और एंडोमेंट फंड के माध्यम से यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मंच बनी है।

कार्यक्रम में डॉ. संदीप गोयल, डॉ. कैरल गोयल, MOGAE Group की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर, मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीण सिन्हा, CEO टाटा पावर और डॉ. अनिल जैन, पूर्व IAS एवं चेयरपर्सन PNG RB सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

प्रतियोगिता में कैंपियन स्कूल मुंबई, कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल चंडीगढ़, मेयो कॉलेज गर्ल्स स्कूल अजमेर, पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर, सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंडीगढ़, स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल अमृतसर, सेंट कोलंबस स्कूल नई दिल्ली, स्ट्रॉबेरी फील्ड्स चंडीगढ़, द टॉन्सब्रिज स्कूल देहरादून, वसंत वैली स्कूल नई दिल्ली, विवेक हाई स्कूल चंडीगढ़, यादविंद्रा पब्लिक स्कूल पटियाला और मोहाली सहित कई प्रतिष्ठित स्कूलों की टीमों ने भाग लिया।

दो दिनों तक चली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अलग-अलग प्रारूपों के माध्यम से उनकी रचनात्मकता, विश्लेषणात्मक क्षमता और तर्कशक्ति की परीक्षा देनी पड़ी। पहले दिन काल्पनिक और एआई आधारित परिस्थितियों पर चरित्र-केंद्रित बहस तथा सामाजिक मुद्दों पर विजुअल प्रॉम्प्ट आधारित बहस आयोजित हुई। दूसरे दिन प्रतिभागियों को ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की भूमिका में बहस करनी थी। इसके बाद शीर्ष चार टीमों के बीच क्रॉस-एग्जामिनेशन आधारित क्लासिक फाइनल मुकाबला हुआ।

सेंट कोलंबस स्कूल बना विजेता
प्रतियोगिता में सेंट कोलंबस स्कूल, नई दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया। विजेता टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल, अमृतसर को रनर-अप घोषित किया गया और उसे 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली।

खास बात यह रही कि मेजबान सेंट जॉन्स हाई स्कूल चंडीगढ़ स्वयं रनर-अप रहा, लेकिन स्कूल ने खेल भावना और उदारता का परिचय देते हुए रनर-अप ट्रॉफी स्प्रिंग डेल, अमृतसर को सौंप दी।

आयोजकों के अनुसार, SJAID का सातवां संस्करण युवाओं में आत्मविश्वासपूर्ण अभिव्यक्ति, तार्किक सोच और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने वाला मंच साबित हुआ। प्रतियोगिता ने केवल बहस तक सीमित न रहकर युवाओं को विचारों के आदान-प्रदान, नेतृत्व, बौद्धिक क्षमता और स्वतंत्र सोच के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 0 6
Total Users : 429206
Total views : 684435

शहर चुनें