August 29, 2026 1:17 am

August 29, 2026 1:17 am

पंचकूला में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया; महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने फहराया तिरंगा, ली परेड की सलामी

शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
हरियाणा वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती: श्रुति चौधरी

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में तेजी से आगे बढ़ रहा हरियाणा- महिला एवं बाल विकास मंत्री
रमेश गोयत
पंचकूला, 15 अगस्त : हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने आज देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड सेक्टर-5 में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्यातिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने सेक्टर-12 स्थित शहीदी स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रुति चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने आज हरियाली तीज के पावन अवसर पर भी सभी माताओं, बहनों और बेटियों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि वे भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सबकुछ न्योछावर करने वाले ज्ञात, अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रृद्धापूर्वक नमन करती हैं । महात्मा गांधी सहित अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष के बाद हमें आजादी मिली। उन्होंने कहा कि वे आज देश के वीर सैनिकों तथा देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को भी नमन करती है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा, वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन-की-चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई। इस इतिहास को हमे हमेशा याद रखना चाहिए। हरियाणा सरकार- शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है।
श्रुति चौधरी ने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ-साथ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री,  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य निवेश बढ़ाना, नए उद्योग स्थापित करना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना , किसानों की आय बढ़ाना तथा आधुनिक आधारभूत ढांचे का विस्तार करना है। सरकार द्वारा एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नए नीतिगत कदम उठाए गए हैं। सरकार प्रदेश में प्रत्येक गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुँचा रही है।
विभिन्न क्षेत्रों में हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में निशुल्क डायलेसिस सुविधा, हेपिटाईटस की जांच एवं टीकाकरण, डेंगू मरीजों के लिए निशुल्क सिंगल डोनर प्लैटलैस सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हरियाणा एमएसपी पर 24 फसलों की खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है। साथ ही भावांतर भरपाई योजना में, 22 फल एवं सब्जियों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने जल सुरक्षा, नहर आधुनिकीकरण, बाढ़ नियंत्रण, भूजल संरक्षण और कुशल सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जल सुरक्षित हरियाणा कार्यक्रम के तहत 5714 करोड़ रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत की जा रही है, जिसके तहत 678 नहरों का पुनर्वास और नवीनीकरण, नहरों से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 620 जल धाराओं का पुनर्वास और 120 नहर आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं का अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अलावा वर्षा जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के लिए 131 नई वाटर बोडिज विकसित की जाएंगी। लगभग 2 लाख एकड़ भूमि को जलभराव की समस्या से मुक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बाढ नियन्त्रण उपायों को मजबूत करने के लिए 4370 किलो मीटर ड्रेंस की सफाई की गई है और अधिक से अधिक पंप और अन्य उपकरण उपलब्ध करवाए गए।

श्रुति चौधरी ने कहा कि हमारी बेटियां और महिलाएं हरियाणा की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं। शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में प्रदेश की बेटियों ने अपनी छाप बनाई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं और बेटियों के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए रियायती दरों पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रूपए की राशि प्रदान की जाती है। इसके अलावा गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रूपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप राज्य में 4,000 से अधिक प्लेवे स्कूल बनाए गए हैं, जिनमें प्रतिवर्ष 50,000 से अधिक बच्चों का रजिस्ट्रेशन हो रहा है।
युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का थीम ’युवा शक्ति-विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व’ है। उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय कार्यक्रम करके हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं द्वारा नशामुक्ति अभियान चलाया गया। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशे के विरुद्ध इस लड़ाई में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

श्रुति चौधरी ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। हाल ही में ग्लासगो राष्ट्रीय मंडल खेलों में हरियाणा के खिलाडियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मैडल हासिल किए, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी खिलाड़ियों, कोच और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प जवाबदेही, तत्परता और जन केंद्रित शासन है। सरकार द्वारा तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाएं लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाई जा रही हैं।

स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों और शहीदों के परिजनों का सम्मान
इस अवसर पर मंत्री श्रुति चौधरी ने स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों- विजय धीर, महेंद्र सिंह, जोगिंद्र पाल, सुशील कुमार, वीरेंद्र पाल, सुरेंद्र सिंह और राकेश कुमार गांधी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने युद्ध में वीरगति को प्राप्त सेना अधिकारियों/सैनिकों की अर्धागनियों-श्रीमती स्वर्णों देवी, श्रीमती रामप्यारी, श्रीमती जिलापति और श्रीमती निर्देश देवी को भी शाॅल भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने शहीद मेजर अनुज राजपूत के पिता श्री कुलबंश सिंह को भी शाॅल भेंट कर सम्मानित किया।

विभिन्न टुकड़ियों ने प्रस्तुत किया शानदार मार्च पास्ट
इससे पूर्व परेड कमांड एसीपी विक्रम नेहरा की अगुवाई में हरियाणा महिला पुलिस पंचकूला, हरियाणा पुलिस (पुरूष), हरियाणा गृही रक्षी (पुरूष), एनसीसी सीनियर डिविजन (लड़के ), एनसीसी सीनियर विंग (लड़कियां), एनसीसी जूनियर डिविजन (लड़के), एनसीसी जूनियर विंग (लड़कियां), सेंट सोल्जर पब्लिक स्कूल सेक्टर-16 और सतलुज पब्लिक स्कूल की टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। दून पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंड की प्रस्तुति दी।

विद्यार्थियों ने पीटी, डंबल और योग प्रस्तुतियों से बांधा समां
समारोह में पी.एम. श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैक्टर-15 और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सैक्टर-6 के विद्यार्थियों ने पी.टी. शो, राजकीय मॉडल सार्थक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सैक्टर-12ए के विद्यार्थियों ने डम्बल शो, मधु नृत्य योगा सैक्टर-2 ने योग प्रस्तुति, पी.एम. श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सैक्टर-15 के विद्यार्थियों ने योगाभ्यास और श्रीमती कर्मजीत शर्मा, प्राध्यापिका, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रायपुररानी ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया।

देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस मौके पर स्कूली बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। राजकीय आदर्श संस्कृति विद्यालय सेक्टर-26 द्वारा सामुहिक नृत्य और देशभक्ति गीत, चमन लाल डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-11 द्वारा एक्शन डांस, हंसराज पब्लिक स्कूल सेक्टर-6 द्वारा चार राज्यों का लोक नृत्य, लिटल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल सेक्टर-14 द्वारा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी मंगल पांडे पर आधारित एक्शन डांस, यूनिसन इंटरनेशनल स्कूल पिंजौर द्वारा विकसित भारत पर सामुहिक नृत्य और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-19 द्वारा हरियाणवी लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया।

विजेता परेड टुकड़ियों को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने परेड में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टुकड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। सीनियर विंग में प्रथम स्थान हरियाणा महिला पुलिस, द्वितीय हरियाणा पुलिस (पुरूष) और तृतीय स्थान एनसीसी सीनियर विंग (लडकियां) ने हासिल किया। जुनियर विंग में प्रथम स्थान एनसीसी जूनियर विंग (लड़कियां), द्वितीय स्थान एनसीसी जूनियर डिविजन (लड़के) और सतलुज पब्लिक स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्या, एसडीएम चंद्रकांत कटारिया, नगराधीश सुश्री जागृति, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मेयर श्यामलाल बंसल, जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लतिका शर्मा, भाजपा नेता कृष्ण ढुल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी और भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

 

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 6 8
Total Users : 400068
Total views : 645598

शहर चुनें