बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में जनसंपर्क विभाग, चंडीगढ़ के सहायक जनसंपर्क अधिकारी सचिन सिंगला को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं, कार्यकुशलता एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
सचिन सिंगला वर्ष 2018 से जनसंपर्क विभाग, चंडीगढ़ में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रशासन की गतिविधियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कार्यों में प्रेस विज्ञप्तियां तैयार करना, भाषणों एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस से संबंधित समन्वय तथा चंडीगढ़ शहर में आने वाले वीआईपी एवं महत्वपूर्ण अतिथियों के दौरों के दौरान आवश्यक जनसंपर्क एवं समन्वय में सहयोग देना शामिल है।
प्रशंसा प्रमाण-पत्र में उनके द्वारा लगातार बेहतर कार्य करने, जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने की सराहना की गई है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा इस वर्ष विभिन्न विभागों और क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 37 लोगों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया गया। इनमें प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक सेवा, कला-संस्कृति, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग शामिल हैं।
सचिन सिंगला को मिले इस सम्मान से जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी खुशी का माहौल है। उनके सहकर्मियों ने इसे उनके समर्पित कार्य और कुशल जनसंपर्क सेवाओं की पहचान बताया। सम्मान मिलने पर उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने सम्मानित व्यक्तियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज और प्रशासन के लिए निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने वाले लोगों का सम्मान दूसरों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के योगदान से चंडीगढ़ को बेहतर, समावेशी और जीवंत शहर बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलती है।
प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वालों ने चंडीगढ़ प्रशासन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।















Total Users : 399248
Total views : 644482