बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 अगस्त। पंजाब विश्वविद्यालय के परिसर छात्र परिषद चुनाव 2026-27 को लेकर चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय के डीन छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से जारी इलेक्शन बुलेटिन-III के अनुसार परिसर छात्र परिषद के पदाधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों और कार्यकारिणी समिति के लिए चुनाव प्रक्रिया अगस्त से शुरू होगी। विश्वविद्यालय में इस वर्ष छात्र परिषद चुनाव 31 अगस्त 2026 को होंगे। आज जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू होगी।

24 अगस्त को नामांकन, उसी दिन होगी जांच
कार्यक्रम के अनुसार 24 अगस्त को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10.35 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 12 बजे संबंधित विभाग के नोटिस बोर्ड पर उम्मीदवारों की सूची प्रदर्शित की जाएगी।
दोपहर 12.30 से 1.30 बजे तक आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। सभी नामांकन और आपत्तियों से संबंधित अनंतिम सूची उसी दिन दोपहर 2.30 बजे तक डीन छात्र कल्याण कार्यालय को भेजी जाएगी।
25 अगस्त को अंतिम उम्मीदवार सूची
25 अगस्त को सुबह 10 बजे स्वीकृत उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। दोपहर 12.30 बजे अंतिम सूची डीन छात्र कल्याण कार्यालय को भेजी जाएगी, जबकि दोपहर 2.30 बजे अंतिम उम्मीदवार सूची प्रदर्शित की जाएगी।
31 अगस्त को होगा छात्र परिषद चुनाव
चुनाव कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण दिन 31 अगस्त रखा गया है। इस दिन सुबह 9.30 बजे से मतदान शुरू होगा। विभागीय प्रतिनिधियों के चुनाव का परिणाम संबंधित विभागों में दोपहर 12 बजे से प्रदर्शित किया जाएगा।
वहीं, पदाधिकारियों के लिए पड़े मतों की गिनती दोपहर 12 बजे से जिम्नेजियम हॉल में होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित विभागों से पदाधिकारियों के मतपेटियां रिटर्निंग अधिकारियों से लेकर डीन छात्र कल्याण कार्यालय के कर्मचारियों/वार्डनों द्वारा जिम्नेजियम हॉल पहुंचाई जाएंगी।
11 सितंबर को कार्यकारिणी का चुनाव
कार्यक्रम के अनुसार विभागीय प्रतिनिधियों का परिणाम 8 सितंबर तक डीन छात्र कल्याण कार्यालय को संबंधित चेयरपर्सन, निदेशकों या समन्वयकों द्वारा भेजना होगा।
इसके बाद 11 सितंबर को सुबह 11 बजे प्राणी विज्ञान विभाग के सभागार में कार्यकारिणी का चुनाव होगा। इसमें केवल निर्वाचित विभागीय प्रतिनिधियों और निर्वाचित पदाधिकारियों को उपस्थित रहने की अनुमति होगी।
छात्र परिषद चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने समय-सीमा वाले सभी दस्तावेजों और सूचनाओं को तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनाव अगस्त-सितंबर के दौरान आयोजित होने की परंपरा रही है।












Total Users : 398735
Total views : 643689