चोरी की 12 बाइक और 2 कार बरामद, नकली चाबियों के गुच्छे से स्पेलेंडर बाइक को बनाते थे निशाना; वाहनों को कटवाकर पुर्जे बेचने की थी योजना
रमेश गोयत
पंचकूला, 1 सितंबर। पंचकूला पुलिस ने ट्राईसिटी, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड और एक मैकेनिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिल और दो कारें बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह चोरी किए गए वाहनों को कटवाकर उनके पुर्जे बेचने की तैयारी में था।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने यह सफलता हासिल की। क्राइम ब्रांच-3 के इंचार्ज तजिन्द्र पाल सिंह ने बताया कि 21 अगस्त को मोरनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 20 अगस्त की रात उसके घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई। इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राहुल निवासी बिहार, शुभम और विशाल निवासी उत्तर प्रदेश को 30 अगस्त को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी नयागांव, मोहाली में किराये के मकान में रह रहे थे और उनकी उम्र करीब 19 से 20 वर्ष है। अदालत से तीनों का तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार, रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की कई वारदातों में संलिप्त होने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक गिरोह पंचकूला, चंडीगढ़, बद्दी और पंजाब के विभिन्न इलाकों से वाहन चोरी करता था। गिरोह के सदस्य खास तौर पर स्पेलेंडर बाइक को निशाना बनाते थे। उनके पास अलग-अलग वाहनों की नकली चाबियों का गुच्छा भी मिला है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए वाहनों को आगे कटवाकर उनके पुर्जे अलग-अलग जगहों पर बेचने की योजना थी। इस काम में एक मैकेनिक भी गिरोह की मदद करता था। पुलिस ने मैकेनिक को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान राहुल निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने बताया कि तीन आरोपियों से रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है, जबकि मैकेनिक आरोपी को अदालत में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी किए गए वाहनों तथा पूर्व में की गई अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जाएगा। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पंचकूला पुलिस अपराधियों पर लगातार नजर रख रही है और वाहन चोरी समेत अन्य अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पंचकूला में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है और अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।















Total Users : 411438
Total views : 660647