September 12, 2026 1:59 am

September 12, 2026 1:59 am

मोहाली: गैंगस्टरों, जबरन वसूली और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस; नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग को दी जाएगी प्राथमिकता: एसएसपी वरुण शर्मा

आईपीएस वरुण शर्मा, ने संभाला जिला एसएएस नगर के वरिष्ठ पुलिस कप्तान का कार्यभार

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
मोहाली, 03 सितंबर: आई पी एस वरुण शर्मा, ने आधिकारिक रूप से जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर के एस एस पी का कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के उपरांत अपनी पहली मीडिया ब्रीफिंग के दौरान एस एस पी वरुण शर्मा ने अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए नागरिकों की सुरक्षा, संगठित अपराध के उन्मूलन तथा लोगों के लिए सुलभ और जवाबदेह पुलिस प्रशासन के प्रति पंजाब पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।
एस एस पी शर्मा ने उन पर विश्वास जताते हुए जिला पुलिस की कमान सौंपने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी देने के लिए, पंजाब के मुख्यमंत्री तथा पुलिस महानिदेशक (डी जी पी), पंजाब का आभार व्यक्त किया।
अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए एस एस पी ने कहा कि संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध, जबरन वसूली के रैकेट और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्ट्रीट क्राइम को रोकने और सतर्कता को और मजबूत करने के लिए मोहाली पुलिस द्वारा रात्रि डोमिनेशन ऑपरेशन को और तेज किया जाएगा। इसके अलावा, रणनीतिक रूप से स्थायी और मोबाइल नाकाबंदी की जाएगी तथा झगड़ों और अन्य आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए डायल-112 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ईआरवी) की दृश्यता और मौजूदगी बढ़ाई जाएगी।
पुलिस प्रशासन को आम जनता के लिए अधिक सुलभ बनाने पर जोर देते हुए एस एस पी वरुण शर्मा ने कहा कि वह निर्धारित कार्यालय समय के दौरान व्यक्तिगत रूप से लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने लोगों से नशा तस्करों, आपराधिक तत्वों, साइबर धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा संबंधी जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा।
सामुदायिक भागीदारी और जनविश्वास को मजबूत करने के संबंध में उन्होंने कहा कि जिला पुलिस मार्केट एसोसिएशनों, ट्रेडर एसोसिएशनों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आर डब्ल्यू ए) के साथ सक्रिय साझेदारी करेगी, ताकि जमीनी स्तर पर सुरक्षा और प्रशासन से जुड़े मुद्दों का प्रभावी समाधान किया जा सके।
ट्राइसिटी क्षेत्र में मोहाली की महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए एस एस पी ने कहा कि किसी भी धरने या प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता सक्रिय और प्रभावी यातायात प्रबंधन होगी, ताकि आम यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा एंबुलेंसों, स्कूल वाहनों और आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप पुलिस बल के अधिक प्रभावी उपयोग के लिए मानव संसाधनों का व्यापक ऑडिट किया जाएगा। गैर-मुख्य दायित्वों पर तैनात कर्मियों को व्यवस्थित रूप से फ्रंटलाइन पुलिसिंग के लिए पुनः तैनात करते हुए पुलिस थानों और फील्ड यूनिटों को और मजबूत किया जाएगा।
इससे पहले एस एस पी वरुण शर्मा के जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर एसपी (सिटी) दिलप्रीत सिंह, एस पी (हेडक्वार्टर) नवरीत सिंह विर्क तथा एस पी (इन्वेस्टिगेशन) सौरव जिंदल सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस टुकड़ी द्वारा उन्हें पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 1 4 5 8
Total Users : 411458
Total views : 660667

शहर चुनें