April 5, 2026 6:18 am

April 5, 2026 6:18 am

पंजाब में भीषण सड़क हादसा: धुंध के बीच कार-बस की टक्कर, 4 की मौत, एक गंभीर

चंडीगढ़/होशियारपुर: पंजाब में शनिवार सुबह घने कोहरे के बीच होशियारपुर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से आ रही एक कार की पंजाब रोडवेज (पनबस) से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कार हिमाचल प्रदेश से होशियारपुर पहुंची थी और लिंक रोड से मेन रोड पर चढ़ रही थी। इसी दौरान दसूहा की ओर से आ रही पनबस ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। बस करीब 200 मीटर तक कार को घसीटते हुए ले गई और फिर सड़क किनारे बनी झुग्गियों पर जा चढ़ी। गनीमत रही कि झुग्गियों में उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना हरियाणा के एसएचओ किरन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
मृतकों की पहचान हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के रहने वाले सुखविंदर सिंह, सुशील कुमार, ब्रिज कुमार और अरुण कुमार के रूप में हुई है। ये सभी चलेट गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक का नाम अमित कुमार है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, मृतक अपने भतीजे को विदेश भेजने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। भतीजे को दुबई जाना था। हादसे में जान गंवाने वालों में एक व्यक्ति आर्मी से रिटायर्ड था और ड्राइवरी कर रहा था, जबकि बाकी तीन खेतीबाड़ी से जुड़े थे।
पंजाब-चंडीगढ़ में ठंड और कोहरे का कहर जारी
उधर, पंजाब और चंडीगढ़ में पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर और बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार शनिवार और रविवार को भी ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। शीतलहर और घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में सुखना लेक का म्यूजियम टावर भी घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब के 10 जिलों में घना कोहरा, 5 जिलों में शीतलहर और 6 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। जालंधर और अमृतसर में शनिवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में दिन के समय भी ठंड ज्यादा रहने का अनुमान है।
हालांकि, पंजाब मौसम विभाग का कहना है कि इस साल अब तक पिछले वर्षों की तुलना में ठंड कम पड़ी है। अभी तक राज्य में सबसे कम तापमान बठिंडा में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शुक्रवार को लुधियाना, अमृतसर और पटियाला में कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई थी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें