September 20, 2026 12:57 am

September 20, 2026 12:57 am

मनीमाजरा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी; CCTV में कैद हुई वारदात, लाखों के गहने लेकर फरार हुआ शातिर चोर

चंडीगढ़ | मनीमाजरा: मनीमाजरा इलाके में दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला पिपलीवाला टाउन की आरे वाली गली का है, जहां शुक्रवार को एक शातिर चोर ने बेखौफ होकर एक घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। चोर ने मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे को निशाना बनाते हुए अलमारी में रखे कीमती जेवरात पर हाथ साफ किया और फरार हो गया।
काम के दौरान चोर ने उठाया मौका
मकान मालिक जगतार सिंह के अनुसार, घटना के समय घर में मिस्त्री काम कर रहे थे, जबकि किराएदार की पत्नी छत पर कपड़े उतार रही थी। इसी दौरान चोर मौका देखकर घर में दाखिल हुआ और अलमारी से सोने की अंगूठी, इयररिंग्स, चांदी की पाजेब और चेन चोरी कर ले गया।
कैप पहनकर छिपाया चेहरा, सीसीटीवी में हरकतें रिकॉर्ड
पूरी चोरी की वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चोर पहले घर के अंदर जाता और फिर बाहर निकलता दिखाई देता है। उसने सिर पर कैप पहन रखी थी, ताकि चेहरा कैमरे में न आए। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर को पहले से पता था कि मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
पहले आया, बाहर इंतजार किया फिर दोबारा घुसा
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, चोर खुले दरवाजे से घर में दाखिल हुआ, कुछ देर बाद बाहर निकला और फिर बाहर खड़े होकर इंतजार किया। इसके बाद वह दोबारा घर के अंदर गया और चोरी को अंजाम देकर फरार हो गया। वारदात के तरीके से साफ है कि चोर ने पहले से घर की रेकी कर रखी थी।
पुलिस जांच में जुटी, आसपास के कैमरे खंगाले जा रहे
सूचना मिलने पर मनीमाजरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ-साथ आसपास लगे अन्य कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोर अकेला था या उसके अन्य साथी भी आसपास मौजूद थे।
लगातार चोरी से लोगों में दहशत, गिरोह सक्रिय होने की आशंका
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि इलाके में किसी शातिर गिरोह की सक्रियता बढ़ गई है। हाल के दिनों में मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, एक क्रॉकरी शॉप और मोरी गेट बाजार में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में डर का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 5 6
Total Users : 416456
Total views : 667537

शहर चुनें