October 28, 2026 9:54 am

October 28, 2026 9:54 am

बाबूगिरी हिंदी डॉट कॉम पर पढ़े हरियाणा की खबरे,

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर माथा टेककर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की

भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं समाज को समानता, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं – मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि जयंती पर देश-प्रदेशवासियों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं

तीर्थ स्थल पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का लोगों ने किया जोरदार स्वागत, लाभार्थियों को वितरित की ट्राई साइकिलें

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर -हरियाणा के मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर पहुंचकर भगवान वाल्मीकि जी को नमन किया और माथा टेककर देश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। तीर्थ स्थल पर पहुंचने पर लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि जयंती के पावन पर्व पर देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी शिक्षाएं समाज में समानता, सद्भाव, भाईचारे और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का अनुपम ग्रंथ है। भगवान वाल्मीकि जी के विचार हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जरूरतमंद लाभार्थियों को ट्राई साइकिलें भी वितरित कीं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के अवसर उपलब्ध करवाना समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उनके जीवन को सुगम बनाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाते हुए हमें समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, कल्याण और उत्थान के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। यही भगवान वाल्मीकि जी के प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान है।

सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने किया सूरजकुंड दिवाली मेले का भ्रमण, कला-संस्कृति की सराहना की

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर- हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने रविवार को हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा ‘आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी मेला’ की थीम पर आधारित तृतीय सूरजकुंड (फरीदाबाद) दिवाली मेले का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी मौजूद रहीं। दोनों ने मेले में विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकारों, हस्तशिल्प उत्पादों और पारंपरिक कलाकृतियों का अवलोकन किया। मेले में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और स्वदेशी उत्पादों की विविधता देखने को मिली।
मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सूरजकुंड मेला में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक उत्पादों के माध्यम से अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित कर रहे हैं। हस्तनिर्मित वस्तुओं, पारंपरिक परिधानों, सजावटी सामान और क्षेत्रीय उत्पादों के जरिए आगंतुकों को भारत की विविध सांस्कृतिक पहचान से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। सूरजकुंड जैसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ शिल्पकारों और छोटे व्यापारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। वहीं, हरियाणा के पर्यटन एवं विरासत मंत्री अरविंद शर्मा भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।

किसानों को मंडियों में बेहतर सुविधाएं और फसल का उचित मूल्य दिलाना सरकार की है प्राथमिकता- कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा

कृषि मंत्री ने जटौली और फर्रूखनगर मंडियों का किया निरीक्षण, खरीद, उठान व भुगतान व्यवस्था की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को गुरुग्राम की जटौली और फर्रूखनगर अनाज मंडियों का दौरा कर बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडियों में पहुंची फसल, खरीद प्रक्रिया तथा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। एसडीएम दिनेश लुहाच ने कृषि मंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें खरीद प्रक्रिया की जानकारी दी।

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि फसल खरीद निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार का संकल्प

मंडियों में खरीद प्रबंधों की समीक्षा के लिए कृषि मंत्री ने मार्केट कमेटी कार्यालय में संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती तथा उनके हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

फसल का समय पर उठान और भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर

मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मंडियों में केवल खरीद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खरीदी गई फसल का समय पर उठान, उचित भंडारण और किसानों को निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने खरीद एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल का अनावश्यक जमाव नहीं होना चाहिए। समय पर उठान होने से मंडी परिसर में पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहेगा और अन्य किसान भी आसानी से अपनी फसल लेकर पहुंच सकेंगे। अधिकारियों को खरीद व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए।

मंडियों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर रहे विशेष ध्यान

कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने को कहा।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी पटौदी-जटौली के चेयरमैन मनोज मोकलवास, सचिव विपिन यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, आढ़ती और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

किसानों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण विकास के लिए केंद्र और हरियाणा सरकार प्रतिबद्ध, पात्र युवाओं को योग्यता के आधार पर मिल रही हैं नौकरियां-विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार

प्रदेश के हर गांव में गलियों, स्ट्रीट लाइट, इंडोर जिम, महिला सांस्कृतिक केंद्र और ई-लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं विकसित करना है सरकार का लक्ष्य

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, किसानों की खुशहाली, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि गांव हरसाना कलां के ग्रामीणों की भावनाओं और मांगों का सम्मान किया जाएगा तथा ग्रामसभा से प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री रविवार को सोनीपत के गांव हरसाना कलां में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुना और प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण विकास के लिए किए जा रहे कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

मंत्री ने कहा कि हरियाणा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है और पंचायत विभाग की जिम्मेदारी गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रदेश में 6,230 ग्राम पंचायतों, 22 जिला परिषदों और 143 ब्लॉक के माध्यम से ग्रामीण विकास के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा प्रदेश के सभी गांव की फिरनियों पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएगी। अब तक 908 गांवों की फिरनियों पर स्ट्रीट लाइट लगाई जा चुकी हैं और 500 गांव में कार्य चल रहा है। स्ट्रीट लाइट लगाने के इस कार्य में 175 करोड रुपए की लागत आएगी।सरकार का लक्ष्य है कि गांवों में बेहतर रोशनी की व्यवस्था हो और ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिले।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 996 गांव में 75 करोड रुपए की लागत से अटल पुस्तकालय स्थापित किया जा चुके हैं और इस वित्तीय वर्ष में 1000 नए अटल पुस्तकालय स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है। अटल पुस्तकालय खुलने से युवाओं को पढ़ने की सुविधा मिलेगी। ग्रामीण युवाओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए इंडोर जिम स्थापित किए जा रहे हैं। अब तक 427 गांवों में लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर जिम स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि दूसरे चरण में 234 गांवों को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा प्रत्येक गांव में महिला सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। अब तक 647 गांवों में महिला सांस्कृतिक केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा अन्य गांवों में भी इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि ग्रामीणों को योग और व्यायाम के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से व्यायामशालाएं विकसित की जा रही हैं। इसके तहत 1,025 गांवों में व्यायामशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं, जिन पर लगभग 411 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त ग्राम सचिवालयों का भी विस्तार किया जा रहा है। गांवों के विद्यार्थियों, विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए ई-लाइब्रेरी स्थापित करना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मंत्री ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और किसान की खुशहाली से ही प्रदेश की आर्थिक प्रगति मजबूत होती है। किसान की आय बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है और बाजार में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से हरियाणा में लाखों किसानों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को राहत देने, पशुपालकों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने और किसानों को वैकल्पिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पशुपालकों को आर्थिक सहयोग देने के उद्देश्य से पशु किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लगभग दो लाख पशुपालकों को 3,449 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसल नुकसान की भरपाई के लिए सहायता प्रदान की गई है।

पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता दी है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची बिना पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी मेहनत, शिक्षा और योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिलना सुशासन की पहचान है।

इस अवसर पर हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बडौली राई से विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल मदान, खरखौदा विधायक पवन खरखौदा, नगर निगम मेयर राजीव जैन, सुमित्रा जागलान, बबीता दहिया, गांव के सरपंच जगबीर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे

पलवल में हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 का हुआ भव्य समापन, पहलवानों ने दिखाया दमखम

कुश्ती हरियाणा की गौरवशाली खेल परंपरा का प्रतीक, खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण से प्रदेश का नाम हो रहा रोशन- खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

हरियाणा केसरी, हरियाणा कुमार और हरियाणा कुमारी के खिताबों के लिए पहलवानों ने दिखाए रोमांचक दांव-पेंच

हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई खेल नीति खेल प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाकर सपनों को पंख लगाने का कर रही काम

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर- खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की धरती सदियों से कुश्ती और अन्य पारंपरिक खेलों की समृद्ध विरासत के लिए जानी जाती है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। केंद्र और प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। हरियाणा सरकार द्वारा बनाई गई खेल नीति खेल प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ाकर उनके सपनों को पंख लगाने का काम कर रही है।

हरियाणा केसरी फ्रीस्टाइल के पुरुष वर्ग के 74 से 125 किलोग्राम भार वर्ग में अर्जुन निवासी झज्जर ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं सुमित निवासी हिसार ने रजत पदक और भूपेंद्र निवासी रोहतक ने कांस्य पदक जीता।

खेल राज्य मंत्री शुक्रवार शाम को हरियाणा खेल एवं युवा मामले विभाग की ओर से पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कुश्ती केवल शारीरिक शक्ति का खेल नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, संघर्ष और आत्मसम्मान की भावना को भी मजबूत करती है। अखाड़ों की परंपरा ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को जीवंत बनाए रखा है। ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं तथा उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आगे बढ़ने की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी पहलवानों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। प्रत्येक खिलाड़ी को खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता के साथ मुकाबले में भाग लेना चाहिए। खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन से सीख लेते हुए भविष्य में और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।

हरियाणा केसरी के विजेता को 1 लाख 51 हजार रुपये का पुरस्कार

खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल प्रतियोगिता के अंतर्गत हरियाणा केसरी पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पहलवान को 1 लाख 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1 लाख रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए। इसी प्रकार, हरियाणा कुमार एवं हरियाणा कुमारी वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 31 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर पुरस्कृत किया।

22 से 24 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 23 जिलों के 792 पहलवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सीनियर आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला पहलवानों ने हरियाणा केसरी, हरियाणा कुमार और हरियाणा कुमारी के खिताबों के लिए मुकाबले किए।

इस अवसर पर उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, ओलंपियन योगेश्वर दत्त, बबीता फोगाट, रितु फोगाट,  सुमित मलिक,  अमित दहिया, एडिशनल डायरेक्टर अश्वनी मलिक, उपनिदेशक खेल राममेहर, कार्यकारी जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह, पार्षद मयंक, डा. हरेंद्र पाल राणा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

मंत्री ने जनसमस्याओं का शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की दिशा में योगदान देने की प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम: मंत्री रणबीर गंगवा

गौशाला परिसर और लाइब्रेरी में किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी किया

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर -प्रदेश के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने रविवार को हिसार के गाँव न्याणा स्थित बूथ नंबर 96 के समीप गौशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 139वाँ संस्करण सुना।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशवासियों से सीधे संवाद, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की दिशा में योगदान देने की प्रेरणा का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। इस कार्यक्रम के जरिए समाज में हो रहे सकारात्मक बदलावों, जनसेवा के अनुकरणीय कार्यों और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को एक नई ऊर्जा और दिशा मिलती है।

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शिव गौशाला समिति परिसर एवं न्याणा लाइब्रेरी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित गणमान्य जनों और साथियों से संवाद करते हुए सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें न केवल अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए, बल्कि उनकी उचित देखभाल भी करनी चाहिए ताकि आने वाली पीढय़िों के लिए एक स्वछ, हरित और स्वस्थ वातावरण तैयार किया जा सके।

इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री ने हिसार में आम जनता की समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विषयों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जनसमस्याओं का शीघ्र अति शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का प्रयास केवल समस्याएँ सुनना नहीं, बल्कि उनके धरातल पर समाधान तक पहुँचना है। जनसेवा के प्रति समर्पण और जनविश्वास को बनाए रखते हुए हर नागरिक की आवाज़ को प्राथमिकता देना ही सरकार का मूल संकल्प है।

इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर सिंह धीरू, शिव गौशाला समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

संत परंपरा ने समाज को सदैव प्रेम, करुणा व मानवता का मार्ग दिखाया- राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष

सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा व समाज कल्याण में निहित है

रोहतक के टिकाणा संत बाबा सांवल शाह आश्रम में आयोजित वार्षिक यज्ञ संगम एवं भंडारे में राज्यपाल एवं प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष ने की शिरकत

चंडीगढ़, 25 अक्टूबर- हरियाणा के राज्यपाल प्रो असीम कुमार घोष ने कहा कि भारत की समृद्ध संत परंपरा ने सदैव समाज को प्रेम, करुणा, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाया है। संतों की वाणी और विचार हमें यह सिखाते हैं कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा, परस्पर सम्मान और समाज के समग्र कल्याण में निहित है।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष रविवार को रोहतक में टिकाणा संत बाबा सांवल शाह आश्रम के बाबा प्रेमदास की स्मृति में आयोजित वार्षिक यज्ञ संगम एवं भंडारे के पावन अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं, आयोजकों और साधु-संतों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा की प्रथम महिला श्रीमती मित्रा घोष भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यज्ञ हमारी प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का पावन प्रतीक है, जो हमें त्याग, समर्पण और लोकमंगल की भावना का संदेश देता है। वहीं, भंडारा सेवा, समानता और भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करता है, जहाँ सभी वर्ग के लोग एक साथ बैठकर सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि वर्तमान समय में संतों की इन अमूल्य शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में उतारने, युवा पीढ़ी को नैतिक मूल्यों व संस्कारों से जोड़ने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा आपसी सहयोग की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करने की महती आवश्यकता है।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने इस भव्य व पुनीत आयोजन के लिए आश्रम प्रबंधन के सभी पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम सब मिलकर एक ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प लें, जहाँ सेवा ही हमारा धर्म हो, मानवता सर्वोच्च मूल्य बने और सद्भाव ही हमारी पहचान स्थापित करे।

कार्यक्रम के दौरान हरियाणा की प्रथम महिला मित्रा घोष ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सभी के प्रति अपनी मंगल कामना व्यक्त कीं। उन्होंने सभी के सुखद, समृद्ध और उत्तम वर्ष की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर का संकीर्तन और भक्ति ही हमारे जीवन का एकमात्र सच्चा मार्ग है। श्रीमती मित्रा घोष ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, भगवान बांके बिहारी ही हम सभी के पालनहार हैं और वही सभी का ध्यान रखते हैं। ईश्वर की कृपा और आशीर्वाद से ही जीवन में प्रगति संभव है। जीवन में हमेशा प्रभु का स्मरण करते हुए आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि उनकी कृपा ही सदैव हमारा मार्गदर्शन करती है। उन्होंने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं व नागरिकों को हृदय से शुभकामनाएं एवं शुभाशीष प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत राघवेंद्र भारती ने राज्यपाल महोदय, उपस्थित संत समाज, प्रशासनिक अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने हरियाणा में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा निरंतर की जा रही निस्वार्थ मानव सेवा और कल्याणकारी कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आशीर्वाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने आश्रम द्वारा पूज्य संतों के सान्निध्य में चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए बताया कि पानीपत में आयोजित यात्रा को 5,000 से अधिक लोगों का भरपूर समर्थन मिला। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नशा मुक्ति व सेवा कार्यों में निरंतर सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर स्वामी राघवेंद्र भारती, बाबा मदन शाह, स्वामी शंकराचार्य, बाबा सूखा शाह, बाबा गौरव, बाबा हरपाल, रामसुख महाराज, स्वामी अरविंद, परमानंद महाराज, बाबा कर्णपुरी, गुलशन दुआ, भाजपा नेता अमरजीत सिंह, उद्योगपति राजेश जैन, हरियाणा में रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी सुशील कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

“मन की बात” परिवार मिलन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैविक खेती बारे प्रेरित किया, किसान 25 प्रतिशत जमीन पर जैविक खेती करे : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प: ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अपील—दीपावली और छठ पर खरीदें स्थानीय उत्पाद, अंबाला छावनी में बनेगा भव्य छठ घाट

प्रधानमंत्री ने ई-संजीवनी की सराहना की, मेरे पास जब स्वास्थ्य विभाग था तो हरियाणा में शुरू करवाई ई-संजीवनी : अनिल विज

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 अक्तूबर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि “मन की बात” कार्यक्रम परिवार मिलन कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से परिवार के नाते देश के लगभग 140 करोड़ लोगों से रूबरू होते हैं और महत्वपूर्ण बातें सांझा करते हैं।

विज आज अम्बाला छावनी के मोंगा अस्पताल के संचालक डा. तरसेम मोंगा के आवास पर शहर के प्रबुद्ध लोगों व कार्यकर्ताओं के साथ मन की बात कार्यक्रम को देख व सुन रहे थे।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हर माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश के लोगों से रूबरू होते हैं। इस मौके पर वह महत्वपूर्ण बातें एवं जानकारी लोगों के साथ सांझा करते हैं। देश के भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में लोगों द्वारा जो प्रयोग किए जा रहे हैं उस बारे सभी को अवगत करवाते हैं, ऐसी अनुभूति जैसे साईंस या तकनीकी क्षेत्र के साथ-साथ देश की आजादी के लिए जिन लोगों ने कार्य किए हैं उनके परिचय बारे भी सभी को जानकारी देते हैं।

उन्होंने कहा कि आज मोदी जी ने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को जैविक खेती बारे प्रेरित किया है और उसके तहत उदाहरण भी दिया है। उन्होंने कहा कि मेरा मानना भी है कि हर किसान जिसके पास जितनी भी जमीन है उसमें से 25 प्रतिशत जमीन पर वह जैविक खेती जरूर करे ताकि लोगों को बिना खाद और बिना कैमिकल के खाने की चीजें मिल सकें। इसके अलावा, उन्होंने खेती में विविधता की भी बात की है।

वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प: ऊर्जा मंत्री अनिल विज की अपील—दीपावली और छठ पर खरीदें स्थानीय उत्पाद, अंबाला छावनी में बनेगा भव्य छठ घाट

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि वोकल फोर लोकल के बारे भी प्रधानमंत्री ने जोर दिया है। स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों को खरीदने बारे प्रेरित किया गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के साथ-साथ आगामी पर्व पर हमें स्थानीय उत्पादों यानि स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों को खरीदना है ताकि वोकल फोर लोकल को बढ़ावा मिल सके और स्थानीय उत्पादों को अपनाकर हमें स्थानीय कारीगरों को भी बढ़ावा देना है।

उन्होंने  कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने दीपावली पर्व के साथ-साथ छठ पूजा या अन्य पर्वों की भी बधाई देते हुए सभी के जीवन में खुशियां आएं। विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में छठ पूजा के लिए उन्होंने एक घाट बनाने के लिए राशि स्वीकृत की है और घाट बनाया जा रहा है ताकि इस पर्व से जुड़े लोग एक ही जगह पर एकत्रित होकर पर्व को हर्षोल्लास व भव्य तरीके से मना सकें।

*प्रधानमंत्री ने ई-संजीवनी की सराहना की, मेरे पास जब स्वास्थ्य विभाग था तो हरियाणा में शुरू करवाई ई-संजीवनी : अनिल विज*

ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से ई-संजीवनी की विशेषता बारे भी बताया है। उन्होंने कहा कि जब उनके पास स्वास्थ्य विभाग था तो उन्होंने ई-संजीवनी की शुरूआत करवाई थी जिसका लोगों को काफी लाभ मिल रहा है। यह नेटवर्क ई-संजीवनी के माध्यम से सभी को इसका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां पर डाक्टर नहीं है वहां पर ई-संजीवनी के माध्यम से लोगों का बेहतर ईलाज भी किया जा रहा है।

इस मौके पर डा. तरसेम मोंगा, उनकी धर्मपत्नी डा. आशा, उनके बेटे डा. अखिल मोंगा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे

जब हर नागरिक कहेगा कि देश के लिए मेरा भी योगदान है, तब भारत की प्रगति को कोई नहीं रोक सकता : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हम भारत के लोग, हमारा दायित्व’ विषय पर पंचनद शोध संस्थान के कार्यक्रम में की शिरकत

संस्थान को शोध कार्यो के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की

कहा: अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी पूरी निष्ठा से निभाने का लें संकल्प

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज अधिकारों की चर्चा तो बहुत होती है, लेकिन कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर अपेक्षाकृत कम चर्चा होती है। हमें यह समझने की आवश्यकता है कि हमारे अधिकार क्या हैं, हमारा दायित्व क्या है और एक नागरिक के रूप में हमारी जिम्मेदारी क्या है। उन्होंने कहा कि ‘हम भारत के लोग, हमारा दायित्व’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विचार-विमर्श के लिए एकत्र होना अपने आप में एक सार्थक पहल है। ऐसे आयोजनों में होने वाली चर्चा से निकलने वाले विचारों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता है और उन्हें देश व राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने की दिशा मिलती है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को चंडीगढ़ में पंचनद शोध संस्थान द्वारा आयोजित 33वां वार्षिक व्याख्यान पूर्व-लोकमंथन कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का विषय ‘हम भारत के लोग, हमारा दायित्व’ था। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पंचनद शोध संस्थान को 11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान में मौलिक कर्तव्यों को शामिल किया गया था, लेकिन लंबे समय तक अधिकारों पर अधिक और कर्तव्यों पर कम चर्चा होती रही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस कार्यक्रम में वक्ताओं द्वारा रखे जाने वाले विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकाश स्तंभ की तरह काम करेंगे और देशवासियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का मार्ग दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की प्रस्तावना के पहले शब्द हैं-‘हम, भारत के लोग।’ ये शब्द हमें बताते हैं कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार जनता है। संविधान हमें अधिकार देता है, हमारी स्वतंत्रता और गरिमा की रक्षा करता है। साथ ही, वह हमसे यह अपेक्षा भी करता है कि हम देश, समाज और एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं। अधिकार हमें सशक्त बनाते हैं और दायित्व उस शक्ति को सही दिशा देते हैं। जब अधिकार और कर्तव्य साथ चलते हैं, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 51A में नागरिकों के मूल कर्तव्यों का उल्लेख है। इसमें संविधान और उसके आदर्शों का सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को संजोना, देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना, सामाजिक सद्भाव को बढ़ाना, महिलाओं की गरिमा का सम्मान करना, हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति की रक्षा करना शामिल हैं। ये बातें हमारे समाज को जोड़ने और देश को आगे ले जाने के जीवन-मूल्य हैं।

उन्होंने कहा कि दायित्व का पहला रूप है-संविधान और संस्थाओं का सम्मान करना। हमारा लोकतंत्र विविध विचारों, अनेक भाषाओं, अलग-अलग परंपराओं और अनेक समुदायों को साथ लेकर चलता है। असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है। लेकिन, असहमति के बीच भी संवाद, मर्यादा और कानून के प्रति सम्मान बना रहना चाहिए। हमारे मत अलग हो सकते हैं, पर राष्ट्रहित में हमारा संकल्प एक होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा अगला दायित्व है समाज में भाईचारा और सम्मान का भाव मजबूत करना होना चाहिए। कोई व्यक्ति भाषा, जाति, धर्म, क्षेत्र या आर्थिक स्थिति के आधार पर छोटा-बड़ा नहीं होता। हमारे देश की विविधता हमारी पहचान है। इसलिए, जब भी हम किसी भी धर्म, जाति, क्षेत्र अथवा भाषा के व्यक्ति से मिलें तो सबसे पहले हमारे अंदर यही भाव आना चाहिए कि वह भारतीय है और मेरा ही भाई-बहन है। यह भाव जब सभी नागरिकों में आ जाएगा तो भारत एक बहुत बड़ी ताकत बन जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भाव आते ही अनेक विसंगतियां खुद ब खुद खत्म हो जाएंगी। तब समाज में हर बेटी को सम्मान और सुरक्षा मिलेगी, बुजुर्गों को आदर मिलेगा, वंचित व्यक्ति को अवसर मिलेंगे और हर नागरिक को यह भरोसा होगा कि यह मेरा देश है और मैं इस देश का बराबर का भागीदार हूं।

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत की यात्रा में भागीदारी का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री । नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की यात्रा में युवाओं, विश्वविद्यालयों और संस्थाओं से भाग लेने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री के 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक भागीदारी के संकल्प का संदेश है कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस साझा संकल्प में हरियाणा भी एक महत्वपूर्ण भागीदार है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब हर नागरिक यह कहेगा कि देश के लिए मेरा भी योगदान है, तब भारत की प्रगति को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी पूरी निष्ठा से निभाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

हरियाणा के जवानों, किसानों और खिलाड़ियों का योगदान

मुख्यमंत्री ने इस दौरान हरियाणा के जवानों, किसानों और खिलाड़ियों के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जवान देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, किसान देश के खाद्यान्न भंडार को भरने में योगदान देते हैं और खिलाड़ी अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने प्रदेश में उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने इस बीच हरियाणा सरकार के प्रयासों से हुए बदलाव एवं विकास का ब्यौरा भी रखा। मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों के संबंध में हरियाणा सरकार द्वारा की गई रोजगार की व्यवस्था का उल्लेख किया। उन्होंने अग्निवीरों को प्रदेश की सरकारी नौकरियों में अवसर देने की व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि जैसे ही अग्निवीरों का पहला समूह आएगा, तो उन्हें जॉइनिंग लेटर दिए जाए। मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लागू की गई योजना की भी जानकारी दी।

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से इस अभियान की शुरुआत की थी। उस अभियान ने एक नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने इस दौरान बेटियों की शिक्षा, सम्मान और प्रगति के महत्व पर बात रखी। बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना हम सबकी जिम्मेदारी है। आज बेटियां रक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

नागरिक कर्तव्यों से मजबूत होगा समाज और राष्ट्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की यात्रा में विशेषतौर पर युवाओं, विश्वविद्यालयों और संस्थाओं से भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने पानी बचाने, बिजली की खपत घटाने, स्वच्छता, कौशल और नागरिक भावना को भी विकसित भारत के प्रयास से जोड़ा है। उनका संदेश है कि जब नागरिक अपनी-अपनी भूमिका में अपना दायित्व निभाते हैं, तभी देश आगे बढ़ता है। यही ‘सबका प्रयास’ उनके विकसित भारत के संकल्प का मूल आधार हैं।

उन्होंने डिजिटल माध्यमों पर साझा की जाने वाली सूचनाओं के प्रति भी जिम्मेदारी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। किसी भी सूचना को आगे भेजने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है, ताकि अपुष्ट जानकारी से भ्रम न फैले। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों से देश और समाज के प्रति अपना दायित्व निभा सकता है। जब नागरिक अपने कर्तव्यों को समझकर उनका पालन करेंगे, तो इसका लाभ समाज और आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति दायित्व निभाने के लिए किसी बड़े अवसर की प्रतीक्षा करने की जरूरत नहीं है। दैनिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन, सहयोग, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक सद्भाव जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी देश के लिए महत्वपूर्ण हैं। जब नागरिक अपने कर्तव्यों को जीवन का हिस्सा बनाएंगे, तभी देश और समाज निरंतर प्रगति कर सकेंगे।

कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सदस्य सचिव एवं आयोजक डॉ. सच्चिदानंद जोशी, पंचनद शोध संस्थान के अध्यक्ष प्रो. बृज किशोर कुठियाला, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह, डॉयरेक्टर श्री भोला राम गुर्जर, श्री विक्रम अरोड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ़ राज नेहरू अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 3 9 9 6 5
Total Users : 439965
Total views : 699226

शहर चुनें