October 14, 2026 6:56 pm

October 14, 2026 6:56 pm

श्रीनगर में अवैध होटलों और होमस्टे पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे प्रतिष्ठानों पर जुर्माना

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में अवैध रूप से संचालित होटलों, गेस्ट हाउसों और होमस्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। श्रीनगर टूरिस्ट पुलिस स्टेशन के सहयोग से शहरभर में वेरिफिकेशन और इंस्पेक्शन ड्राइव चलाई गई, जिसका उद्देश्य पर्यटन से जुड़े प्रतिष्ठानों द्वारा कानूनी नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कई होटल और गेस्ट हाउस बिना वैध रजिस्ट्रेशन के संचालित पाए गए। ऐसे प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही बिना जरूरी दस्तावेजों के संचालन करने वाले होटल और गेस्ट हाउस मालिकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत निवारक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले महीने बडगाम जिले में एक अवैध रूप से चल रहे होमस्टे से एक चीनी नागरिक को पकड़ा गया था। जांच में सामने आया कि उक्त व्यक्ति ने वीजा नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की यात्रा की थी, जिसके बाद उसे भारत से डिपोर्ट कर दिया गया।
पुलिस ने सभी होमस्टे, होटल और गेस्ट हाउस के मालिकों व संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित कानूनी दस्तावेजों का पालन करें और समय रहते संबंधित विभागों में अपना पंजीकरण करवाएं, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित, कानूनी और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे वेरिफिकेशन और प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस नजदीक है और इसकी तैयारियों के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। जम्मू-कश्मीर सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र रहा है, जहां सीमापार से नापाक हरकतों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिस किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है और सुरक्षा को लेकर हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 3 0 0 1 2
Total Users : 430012
Total views : 685600

शहर चुनें