चंडीगढ़ निवासी एक डॉक्टर ने स्वास्थ्य सचिव को भेजी शिकायत, कम समय में भर्ती प्रक्रिया आयोजित करने और पारदर्शिता पर उठाए सवाल
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच-32) में सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। क्लिनिकल हेड एवं एंडोडॉन्टिक विशेषज्ञ चंडीगढ़ निवासी एक डॉक्टर ने चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सचिव को शिकायत भेजकर भर्ती के लिए बेहद कम समय दिए जाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करने के बावजूद उसे स्वीकार नहीं किए जाने का आरोप लगाया है।
डॉ. के अनुसार, भर्ती संबंधी सूचना 26 अक्टूबर 2026 को जारी की गई थी। इसमें अगले दिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक आवेदन जमा करने का समय निर्धारित किया गया था, जबकि साक्षात्कार 28 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे आयोजित किए जाने थे। उनका कहना है कि इतनी कम अवधि में अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करना और आवेदन प्रक्रिया पूरी करना मुश्किल हो सकता है। इससे भर्ती प्रक्रिया में सभी योग्य उम्मीदवारों को समान अवसर मिलने को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

सुबह 10:58 बजे आवेदन देने का दावा
शिकायत में महिला डॉ. ने दावा किया है कि उन्होंने निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से दो मिनट पहले, यानी सुबह 10:58 बजे अपना आवेदन जमा करने का प्रयास किया, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने इस कार्रवाई को मनमाना बताते हुए कहा कि यदि आवेदन निर्धारित समय के भीतर प्रस्तुत किया गया था, तो उसे स्वीकार नहीं करने के कारणों की जांच होनी चाहिए।
स्वास्थ्य सचिव से हस्तक्षेप की मांग
डॉ. ने स्वास्थ्य सचिव से भर्ती प्रक्रिया के लिए इतने कम समय की समय-सीमा निर्धारित किए जाने के प्रशासनिक कारण स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही, निर्धारित समय के भीतर आवेदन जमा करने के बावजूद उसे स्वीकार नहीं किए जाने के मामले की जांच कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने मांग की है कि जीएमसीएच-32 प्रशासन को उनका आवेदन स्वीकार करने और चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर देने के निर्देश दिए जाएं।
शिकायतकर्ता ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया है।












Total Users : 440722
Total views : 700250