सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय की दोनों शिक्षिकाओं के खिलाफ जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने जारी किए आदेश, तत्काल प्रभाव से निलंबन लागू
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 31 अक्तूबर। सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृत प्राथमिक विद्यालय में बच्ची के साथ मारपीट के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने स्कूल में तैनात दो जेबीटी (JBT) शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित की गई शिक्षिकाओं की पहचान सिमरनजीत कौर और पूजा रानी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद से ही शिक्षा विभाग और प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। घटना को लेकर विभिन्न स्तरों पर जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षिकाओं के निलंबन के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेशों के मुताबिक, सिमरनजीत कौर और पूजा रानी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षिकाओं का मुख्यालय जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी का कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें निलंबन अवधि में निर्धारित मुख्यालय पर उपस्थित रहना होगा।
गौरतलब है कि पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में बच्ची के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग, पुलिस और मानवाधिकार से जुड़े संस्थानों ने भी संज्ञान लिया है। मामले में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जा चुकी है।
इस घटना के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षकों की जवाबदेही और स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। अब शिक्षा विभाग की ओर से दोनों शिक्षिकाओं को निलंबित किए जाने के बाद मामले में विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
बाबूगिरी हिंदी डॉट कॉम पर पढ़ें पंचकूला, चंडीगढ़ और ट्राइसिटी की ताजा खबरें।










Total Users : 443168
Total views : 703529