पंचकूला के स्कूल में विशेष बच्चों की घटना पर हरियाणा सरकार गंभीर
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के निर्देश पर उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित
इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर- पंचकूला के एक स्कूल में विशेष आवश्यकता वाले एक छोटे बच्चे के साथ हुई घटना पर हरियाणा सरकार ने संज्ञान लिया है कि स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनके कल्याण में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार पीड़ित बच्चे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करती है और इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि इस गंभीर घटना के बाद जिला प्रशासन, पंचकूला द्वारा तुरंत जांच आदेश जारी कर दिए हैं। पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। इस समिति में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, पुलिस आयुक्त द्वारा नामित पुलिस अधिकारी तथा एक विशेष शिक्षक या बाल मनोवैज्ञानिक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह जांच समिति विभिन्न प्रमुख बिंदुओं पर गहनता से जांच करेगी, जिसमें घटना के संपूर्ण घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जांच, कक्षा अध्यापकों, सहायकों और विशेष शिक्षकों की ऑन-ड्यूटी उपस्थिति और उनकी जवाबदेही तय करना शामिल है। इसके अलावा, समिति इस बात की भी जांच करेगी कि स्कूल परिसर में सुरक्षा और निगरानी के नियमों की पालना में कहां चूक हुई, बच्ची को समय पर प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने में कितनी देर हुई तथा क्या स्कूल प्रबंधन द्वारा शिक्षा मंत्रालय के स्कूल सुरक्षा और संरक्षा दिशा-निर्देशों (2021) एवं दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम (आरपीडब्ल्यूडी एक्ट 2016) के प्रावधानों का पूर्ण पालन किया गया था या नहीं। जांच समिति को अपनी विस्तृत रिपोर्ट 7 दिनों के भीतर सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन बच्चे के इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी और परिवार की सहायता के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, पुलिस अपनी स्वतंत्र जांच कर रही है और किशोर न्याय अधिनियम (Juvenile Justice Act, 2015) के नियमों के तहत पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। कानून की धारा 74 के तहत बच्चों और स्कूल की पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है ताकि किसी भी परिवार को मानसिक या सामाजिक क्षति न पहुंचे।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के निर्देशों के तहत, शिक्षा विभाग अब पंचकूला सहित पूरे हरियाणा राज्य के विद्यालयों में सुरक्षा का एक व्यापक सुरक्षा ऑडिट कराएगा। इस ऑडिट के माध्यम से विशेष रूप से छोटे बच्चों और विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की देखरेख, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली की सक्रियता और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
राज्य सरकार और प्रशासन की ओर से आम जनता तथा मीडिया से अपील की गई है कि वे इस घटना से संबंधित कोई भी वीडियो या पहचान उजागर करने वाली जानकारी साझा न करें। किशोर न्याय अधिनियम के तहत ऐसा करना एक दंडनीय अपराध है। सरकार पीड़ित बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार दे रही प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं : कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का किया आह्वान
बरवाला में जिला हैंडबॉल चैंपियनशिप का हुआ शुभारंभ
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर- खेल केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। खेल के मैदान में सीखा गया अनुशासन जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करने में मददगार साबित होता है। हरियाणा के युवाओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। आज हरियाणा देश में खेल प्रतिभाओं की नर्सरी के रूप में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। यह बात कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को ब्रिटिश इंटरनेशनल स्कूल बरवाला (हिसार ) में आयोजित जिला हैंडबॉल चैंपियनशिप के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए दी। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से परिचय किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खेल नर्सरियों के माध्यम से बच्चों को शुरुआती स्तर से ही खेलों का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक खेल उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, छात्रवृत्ति और सरकारी नौकरी के अवसर देकर सम्मानित किया जा रहा है, ताकि युवा खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित हों। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हाल ही में भिवानी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया है। एशियाई खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण सहित कुल 32 पदक हासिल किए, जबकि पैरा एशियाई खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण सहित कुल 31 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। यह उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। एशियाई खेलों में पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को सरकार ने सम्मानजनक नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुसार करोड़ों रुपये तक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार के अवसर देकर यह संदेश दिया गया है कि प्रदेश सरकार उनकी मेहनत और उपलब्धियों का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की इस सफलता से प्रदेश के हजारों युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
कैबिनेट मंत्री ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन सच्चा खिलाड़ी वही है जो हर परिस्थिति में खेल भावना बनाए रखे और अपनी कमियों से सीखकर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि गांवों और शहरों वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने कहा कि सरकार की खेल प्रोत्साहन नीति का सकारात्मक परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें।
हरियाणा सरकार ने 10 उप-जिला न्यायवादियों को जिला न्यायवादी के पद पर पदोन्नत किया
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर — हरियाणा सरकार ने अभियोजन विभाग के 10 उप-जिला न्यायवादियों को जिला न्यायवादी के पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। इन अधिकारियों को हरियाणा राज्य विधिक सेवा (ग्रुप-A) संशोधित नियम, 2025 के प्रावधानों के अनुसार पे मैट्रिक्स के लेवल FPL-12 (78,800-1,97,200 रुपये) में तत्काल प्रभाव से पदोन्नति दी गई है।
पदोन्नत किए गए अधिकारियों में सुशील कुमार, संयुक्त आयुक्त, आबकारी एवं कराधान विभाग, अंबाला; नरेंद्र कुमार, जिला न्यायवादी कार्यालय, हिसार; विजेंद्र कुमार, जिला न्यायवादी कार्यालय, हिसार; पलविंदर कौर नड्डा, परिवहन विभाग, चंडीगढ़; प्रताप सिंह, जिला न्यायवादी कार्यालय, अंबाला; बलदेव सिंह, जिला न्यायवादी कार्यालय, सोनीपत; कुलदीप सिंह कटारिया, जिला न्यायवादी कार्यालय, करनाल; सुरेंद्र कुमार, हरियाणा पुलिस अकादमी, मधुबन; सुरेंद्र सिंह खटकड़, जिला न्यायवादी कार्यालय, जींद तथा कुलदीप सिंह, महानिदेशक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा, पंचकूला के कार्यालय में कार्यरत हैं।
इसके अतिरिक्त, हरियाणा सरकार ने कुलदीप खर्ब, जिला न्यायवादी को हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, पंचकूला के कार्यालय में रिक्त पद पर तैनात किया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे सरकार को सूचित करते हुए निर्धारित अवधि में संबंधित कार्यालय में अपनी जॉइनिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करें। ये आदेश सुधीर राजपाल, आईएएस, अतिरिक्त मुख्य सचिव, हरियाणा सरकार, गृह विभाग द्वारा जारी किए गए हैं।
कश्यप समाज की गौरवशाली परंपरा सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की मिसाल : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
पंजाब के धर्मकोट में बोले मुख्यमंत्री: पंजाब और हरियाणा का रिश्ता एक दिल में दो धड़कनों जैसा, दोनों प्रदेशों की साझा विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी
हरियाणा में 70 संकल्प पूरे, 143 पर काम जारी, बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को रोजगार और किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदने का किया काम
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कश्यप समाज का इतिहास सेवा, त्याग, परिश्रम और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है। समाज ने हर दौर में देश और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रामायण काल से लेकर गुरु साहिबान के समय तक समाज के महापुरुषों ने अपने कार्यों और बलिदान से ऐसी मिसालें कायम की हैं, जो आज भी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा और संगठन के माध्यम से मजबूत बनाते हुए इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के धर्मकोट में आयोजित कश्यप मेहरा समाज के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित संत-महात्माओं, समाज के प्रबुद्धजनों, माताओं-बहनों और बुजुर्गों का अभिवादन किया तथा आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
सरदार पटेल ने देश की रियासतों को एकता के सूत्र में पिरोया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती है। उन्होंने देश की 500 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। सरदार पटेल का जीवन हमें राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि आज सुबह उन्होंने हजारों युवाओं के साथ रन फॉर यूनिटी में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को याद करना और उनके दिखाए एकता के मार्ग पर चलना हम सभी का दायित्व है।
महर्षि कश्यप और निषादराज की परंपरा समाज के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महर्षि कश्यप महान परोपकारी और प्रजापालक थे। वेदों, उपनिषदों और पुराणों में उनके योगदान का उल्लेख मिलता है। उनका जीवन समाज को परोपकार और लोककल्याण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि रामायण काल में राजा निषादराज ने भगवान श्रीराम को आश्रय दिया और गंगा पार करवाने में सहयोग किया। इसी प्रकार श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पंच प्यारों में भाई हिम्मत सिंह जी का नाम भी समाज के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने बाबा मोती राम मेहरा जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने साहिबजादों की कठिन परिस्थितियों में सेवा की और इसके लिए अपने परिवार सहित भारी यातनाएं झेलीं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि साहिबजादों के बलिदान और उनसे जुड़ी सेवा तथा त्याग की परंपरा को देशभर में याद किया जा सके।
पंजाब और हरियाणा का रिश्ता एक दिल में दो धड़कनों जैसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का रिश्ता एक दिल में दो धड़कनों जैसा है। दोनों प्रदेशों की संस्कृति, परंपराएं और विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं। दोनों प्रदेशों के लोगों के बीच आपसी भाईचारा और अपनापन सदियों पुराना है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संतों और गुरुओं के सम्मान में उनके प्रकाश पर्व और शहीदी दिवस राज्य स्तर पर मनाती है। श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व सहित विभिन्न अवसरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी कुरुक्षेत्र पहुंचकर श्री गुरु तेग बहादुर जी को नमन किया था।
हरियाणा में संकल्पों को धरातल पर उतार रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने अपने संकल्प पत्र के संकल्पों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया है। अब तक 70 संकल्प पूरे किए जा चुके हैं और 143 संकल्पों पर काम जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाना है। किसान, महिला, युवा और गरीब परिवार सरकार की नीतियों के केंद्र में हैं।
किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदने का वादा किया पूरा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों से किया वादा पूरा करते हुए प्रदेश में किसानों की सभी फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शपथ लेने के बाद ही इस संबंध में निर्णय लेकर अधिसूचना जारी की। किसान की मेहनत का पूरा मूल्य मिले और उसे अपनी फसल बेचने में परेशानी न हो, यही सरकार की प्राथमिकता है।
बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को मिल रहा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एचसीएस परीक्षा में 102 युवाओं का चयन हुआ है। इनमें सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि वाले परिवारों के बच्चे भी शामिल हैं। ऐसे परिवारों के बच्चे, जिनके माता-पिता मेहनत-मजदूरी या छोटा-मोटा काम करके परिवार चलाते हैं, आज अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर बड़े पदों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का ही परिणाम है कि आज गरीब परिवार का बच्चा भी अधिकारी बन सकता है। सरकार युवाओं को अवसर देने और उनकी प्रतिभा को आगे लाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मिशन बुनियाद और सुपर-100 से गरीब बच्चों को मिल रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए मिशन बुनियाद और सुपर-100 जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन योजनाओं के माध्यम से ऐसे विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिल रहा है, जिनके परिवार महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकते।
उन्होंने बताया कि सुपर-100 कार्यक्रम के 400 विद्यार्थियों में से 276 विद्यार्थियों को आईआईटी और एनआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश मिला है। वहीं नीट परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों में से 65 बच्चों ने एमबीबीएस में दाखिला प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से गरीब परिवारों के बच्चों के डॉक्टर और इंजीनियर बनने के सपने साकार हो रहे हैं।
2029 तक पंजाब को नशामुक्त करने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे की समस्या से बाहर निकालना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में वर्ष 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से दूर कर शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसरों से जोड़ना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने अलग-अलग राजनीतिक दलों को अवसर दिया है, लेकिन अब प्रदेश के भविष्य और युवाओं की चिंता करते हुए ठोस निर्णय लेने का समय है। भाजपा पंजाब में विकास, सुशासन और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए काम करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कश्यप समाज से आह्वान किया कि वह अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दे, समाज को संगठित करे और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए।
इस मौके पर सरदार दीपकमल मेहरा, महंत चरण सिंह, सरदार निर्मल सिंह, सरदार सोहन दास, जिलाध्यक्ष हरजोत कमल, सरदार निर्मल सिंह पूर्व चेयरमैन एसएस, अनूप भारद्वाज सहित काफी संख्या में गणमान्य मौजूद थे।
हरियाणा प्रदेश की ‘विकसित भारत-2047’ के निर्माण में रहेगी महत्वपूर्ण भूमिका- खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेशवासियों को दी हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर- हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए गर्व और गौरव का विषय है। इस उपलक्ष में हरियाणा सरकार हरियाणा गठन का हीरक जयंती समारोह मना रही है। इन छह दशकों में हरियाणा ने विकास, कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करते हुए देश-दुनिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरों, किसानों, मेहनतकशों और खिलाड़ियों की धरती है। यहां के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा में अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया है, वहीं किसानों ने अपनी मेहनत से देश के खाद्यान्न भंडार को समृद्ध किया है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर तिरंगे का मान बढ़ाकर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। खेलों के क्षेत्र में हरियाणा का योगदान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, खेल सुविधाओं का विस्तार करने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों, महिलाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ-सबका विकास और हरियाणा एक-हरियाणवी एक के सिद्धांत पर चल रही है। इसी सोच के साथ सरकार द्वारा हरियाणा और हरियाणवी के विकास और भलाई के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हरियाणा सद्भाव और समान विकास के साथ आगे बढ़ा है, जिससे लोगों का जीवन आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक हुआ है। आमजन और सरकार का सीधा संपर्क है और आईटी के माध्यम से सिस्टम को सरल व पारदर्शी बनाया है. नतीजतन शगुन राशि, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं और किसानों की फसल का पैसा एक क्लिक से सीधे पात्र लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।
प्रदेश में 6230 ग्राम पंचायतों के विकास के लिए एसएफसी ने जारी किए 579 करोड़- कृष्ण लाल पंवार
ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की मांगों पर बनी सहमति, बकाया पत्र भी जारी
पंचायत मंत्री ने यूनियन पदाधिकारियों के साथ की बैठक
ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में मांगें पूरी होने पर खुशी की लहर
बाबूगिरी न्यूज़
चण्डीगढ, 31 अक्टूबर- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन, हरियाणा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर विस्तार से चर्चा की। पानीपत में आयोजित बैठक शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई। बैठक में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया और सभी 17 मांगों पर सहमति बन गई जिसमें से 12 मांगो आवश्यक पत्र भी जारी कर दिए गए हैं। मांगों के समाधान से प्रदेशभर के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और उनकी जायज मांगों का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी गांवों को स्वच्छ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका कार्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ ग्रामीण वातावरण तैयार करने में भी अहम योगदान है। सरकार उनके परिश्रम और सेवाओं का सम्मान करती है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए सहमति के अनुसार आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य है कि कर्मचारियों को अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि जारी आदेशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करें, ताकि कर्मचारियों को इनका लाभ समय पर मिल सके।
पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास और ग्रामीण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश की 6230 ग्राम पंचायतों के विकास के लिए राज्य वित्त आयोग (एसएफसी) के माध्यम से 579 करोड़ रुपए पंचायतों के खातों में जारी किए गए हैं। इस राशि से गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा। सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े न आए और प्रत्येक गांव तक विकास का लाभ पहुंचे।
विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक सुशील सारवान ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार और यूनियन के बीच हुई सहमति के अनुरूप विभाग ने आवश्यक कार्रवाई की है। 10 सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें मानदेय के बकाया एरियर का भुगतान, अक्टूबर 2023 की हड़ताल अवधि का पात्र कर्मचारियों को बकाया मानदेय, गांव से बाहर ड्यूटी लगाने पर प्रतिदिन 200 रुपए भत्ता, वार्षिक वर्दी भत्ता 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रूपए तथा धुलाई भत्ता 1 हजार से बढ़ाकर 1500 रुपए करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान किसी ग्रामीण सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने, मृतक कर्मचारी के परिवार को ईपीएफ और ईएसआई से संबंधित मृत्यु दावा प्रक्रिया में बीडीपीओ कार्यालय द्वारा सहायता उपलब्ध करवाने तथा प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मानदेय जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने बैठक को सकारात्मक और संतोषजनक बताया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. किरण सिंह, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीडीपीओ कैथल रितु लाठर, बीडीपीओ शीतल सहित पंचायत विभाग के अधिकारी तथा ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
उपभोक्ताओं की बिजली सम्बन्धी शिकायतों की 03 नवम्बर को होगी सुनवाई
पंचकूला जिला के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के अवसर का उठाएं लाभ
चण्डीगढ, 31 अक्टूबर- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली की आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निगम द्वारा अनेक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम सर्कल फोरम पंचकूला के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के चेयरमैन एवं सदस्य मंच की कार्यवाही 03 नवम्बर, 2026 (मंगलवार) को सुबह 11.30 बजे से अधीक्षण अभियंता के कार्यालय, एससीओ नंबर – 96 प्रथम तल, सेक्टर-5, पंचकूला में की जाएगी। इस दौरान केवल पंचकूला जिला के उपभोक्ताओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।
उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के सदस्य, पंचकूला जिले के उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की समस्याओं की सुनवाई करेंगे जिनमें मुख्यतः बिलिंग, वोल्टेज, मीटरिंग से सम्बंधित शिकायतें, कनैक्शन काटने और जोड़ने बिजली आपूर्ति में बाधाएं, कार्यकुशलता, सुरक्षा, विश्वसनीयता में कमी और हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के आदेशों की अवहेलना आदि शामिल हैं। बहरहाल, मंच द्वारा बिजली अधिनियम की धारा 126 तथा धारा 135 से 139 के अन्तर्गत बिजली चोरी और बिजली के अनधिकृत उपयोग के मामलों में दंड तथा जुर्माना और धारा 161 के अन्तर्गत जांच एवं दुर्घटनाओं से सम्बंधित मामलों की सुनवाई नहीं की जाएगी। पंचकूला जिला के सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया जाता है कि वे अपनी शिकायतों के निवारण के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं।
युवाओं को लक्ष्य छोटा नहीं, बल्कि उसकी रोज तैयारी करनी चाहिए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने बागोवाल पंजाब में युवा रैली को किया सम्बोधित
रवि इन्द्र सिंह बलाचौर ने कई साथियों के साथ की भाजपा ज्वाईन
बाबूगिरी न्यूज़
चण्डीगढ, 31 अक्तूबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं को अपना लक्ष्य कभी छोटा नहीं करना चाहिए बल्कि उसकी हर रोज तैयारी करनी चाहिए। अपने तन और मन, दोनों का ध्यान रखते हुए नशे और निराशा से दूर रहकर मित्रों के साथ अपने गांव और समाज के सामूहिक काम में भाग लेना चाहिए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब के बलाचौर हलके के गाँव बागोवाल में युवा रैली को सम्बोधित कर रहे थे। रैली में रवि इन्द्र बलाचौर ने अपने साथियों के साथ भाजपा ज्वाईन की। मुख्यमंत्री ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान सम्मान मिलेगा। इस अवसर पर डेरा भौरी के महाराज दयाल दास, सरदार राज बागोवाल, सरंपच नरेश कुमार, जिला अध्यक्ष राजविन्द्र लाखी, चेयरमैन ओम प्रकाश देवी नगर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती मना रहा है। सरदार पटेल ने लगभग 560 रियासतों को तोड़कर पूरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का काम किया। इसलिए उनकी जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। मुख्यमंत्री ने एकता दिवस की हार्दिक बधाई दी और सरदार पटेल को नमन भी किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीतिक पार्टी से जुड़ना बड़ा सराहनीय निर्णय है। उसके पीछे अपने क्षेत्र की चिंता और लोगों की उम्मीदें होती हैं। भविष्य के प्रति एक विश्वास और भरोसा होता है। यह निर्णय पंजाब में भाजपा के प्रति बढ़ती आशा को बल देगा। अब हम सबको मिलकर, इस आशा को सेवा में और सेवा को जन-विश्वास में बदलना है।
पंजाब में 2027 में पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बागोवाल की भूमि से यह संदेश गया कि पंजाब का युवा अपनी शक्ति पहचान गया है। वह मेहनत से पीछे नहीं हटता, चुनौतियों से नहीं डरता और अपने परिवार तथा गांव के भविष्य के लिए तत्पर खड़ा है। उन्होंने कहा कि हम मिलकर ऐसा रंगला पंजाब बनाने का संकल्प लें, जहाँ हर बच्चे को खेलने का मैदान, हर युवा को आगे बढ़ने का अवसर, हर परिवार को नशे के विरुद्ध सहयोग और हर मेहनतकश को सम्मान मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है। पंजाब के लोगों को अब स्पष्ट लगने लगा है कि फरवरी 2027 में पंजाब में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। डबल इंजन की सरकार पंजाब में दोगुनी गति से विकास कार्य करेगी और हर व्यक्ति को पूरा मान सम्मान देगी। भाजपा ने पंजाब में नशे के विरूद्व यात्रा निकाली जिसका प्रदेश के लोगों से भरपूर सहयोग मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने और ग्रामीण खेल स्टेडियमों को बेहतर बनाने की जो मुहिम शुरू की हुई है, वह समाज को आगे ले जाने वाली पहल है। इससे हर गांव में युवाओं को खेल के मैदान मिलेंगे। खेलों की ओर अग्रसर होने से युवाओं में राष्ट्रीयता एवं नेतृत्व की भावना पनपती है। खेलों से जुड़े युवा नशे से दूर रहते है। राष्ट्रीय एकता दिवस पर युवाओं को नशे से दूर रहने का सकंल्प लेना है।
नशे के बुरे दौर से गुजर रहा है प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप व कांग्रेस पार्टी ने पंजाब में नशा और भ्रष्टाचार बढाने का काम किया है। आज प्रदेश नशे के बुरे दौर से गुजर रहा है। नशे से परिवार और विकास दोनों बाधित होते हैं और परिवार अंधेरे में चला जाता है और विकास की गति रुक जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नशे को खत्म करने का वादा किया। कुछ नहीं हुआ तो जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने नशे को खत्म करने के अलावा 25 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया, लेकिन जनता को कुछ नहीं मिला। केवल झूठे वादों और भ्रम से लगातार 5 साल तक सरकार चलाई। आप सरकार ने नशे को खत्म करने की तारीख भी तय कर दी थी लेकिन किया कुछ नहीं। यह कांग्रेस से भी अधिक भ्रष्टाचारी निकली। आप सरकार में यदि कोई व्यक्ति नशा बिकने की बात करता है तो उसके खिलाफ केस दर्ज करवा दिए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के हर छोटे से लेकर बड़े गांव में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं । भाजपा सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। भाजपा ने 12 साल में किसानों को 16 हजार 500करोड़ रुपए की राशि फसल खराबे होने पर दी है। महिलाओं को 2100 रुपए हर माह लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में युवाओं को अपने भविष्य के लिए सही अवसर मिलें। युवा विदेश जाने का सपना देखे, इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन, उसे मजबूरी में घर न छोड़ना पड़े। उसे डंकी रूट का सहारा न लेना पड़े। पंजाब में अच्छे शिक्षण संस्थान, कौशल केंद्र, उद्योग, आधुनिक खेती और मजबूत छोटे कारोबार होंगे तो युवा अपने गांव और शहर में ही बेहतर भविष्य बना सकेगा। इसके लिए हमें मिलकर काम करना होगा।
सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोया, अब 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना हमारा दायित्व : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री ने दिलाई एकता की शपथ, सरदार वल्लभभाई पटेल को दी श्रद्धांजलि
दो लाख से अधिक युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरी देकर समाप्त की सिफारिश की संस्कृति
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए जो संकल्प लिया था, वह आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। सरदार पटेल ने भारत को जोड़ा था और अब हमारा दायित्व है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करें।
मुख्यमंत्री शनिवार को हरियाणा सिविल सचिवालय परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस शपथ समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने सरदार पटेल को पुष्प अर्पित कर नमन किया और प्रदेशवासियों को उनकी जयंती की शुभकामनाएं दीं और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 1947 में देश आजाद तो हुआ, लेकिन उस समय भारत सैकड़ों रियासतों में बंटा हुआ था। अलग-अलग रियासतों के अपने झंडे और व्यवस्थाएं थीं। दुनिया में चर्चा थी कि भारत एकजुट नहीं रह पाएगा, लेकिन सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और दूरदर्शिता से रियासतों का भारत में विलय करवाकर देश को एकता के सूत्र में बांधा। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी रियासतों के मामले में भी उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि भारत की एकता के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की उपाधि उन्हें अंग्रेजों ने नहीं दी थी। सरदार पटेल को किसानों ने उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने पर ‘सरदार’ की उपाधि दी थी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि राष्ट्र की एकता के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा का भाव कितना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अखिल भारतीय सेवाओं की नींव रखी, जिन्हें देश का स्टील फ्रेम कहा जाता है। उन्होंने 21 अप्रैल, 1947 को अधिकारियों को संबोधित करते हुए सेवा, निष्पक्षता और ईमानदारी को प्रशासन की आत्मा बताया था। उनका मानना था कि अखिल भारतीय सेवाओं के बिना अखंड भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। एकता केवल नक्शे पर खींची गई लकीरों से नहीं बनती, बल्कि फाइलों पर लिए गए निष्पक्ष निर्णयों और जनता के विश्वास से मजबूत होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर नागरिक को यह महसूस होना चाहिए कि सरकार उसकी अपनी सरकार है। हरियाणा सरकार भी इसी भावना के साथ सुशासन और जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। प्रदेश में पिछले समय में दो लाख से अधिक युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं और सिफारिश की संस्कृति को समाप्त किया गया है। यही सरदार पटेल के सुशासन के सपने की भावना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। साथ ही, विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण करवाकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। आज यह प्रतिमा पूरी दुनिया को भारत की एकता और अखंडता का संदेश दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एकता को तोड़ने वाली ताकतें कभी क्षेत्रवाद, कभी भाषावाद और कभी अफवाहों के माध्यम से समाज को बांटने का प्रयास करती हैं। इनका जवाब हमारी एकता है। हमारा संकल्प ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ का है। हमें मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर हम सभी राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लें। सरदार पटेल ने देश को एकजुट किया था और अब वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हरियाणा को भी प्रमुख भूमिका निभानी है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान से सभी परिचित हैं। आजादी के समय देश अनेक रियासतों में बंटा हुआ था और ऐसे में देश को एकजुट रखना तथा उसका प्रशासन चलाना बड़ी चुनौती थी। सरदार पटेल की दृढ़ता, क्षमता और कुशलता का ही परिणाम था कि उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया।
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, डॉ सुमिता मिश्रा सहित अधिकारीगण और कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, स्वयं भी दौड़ में लिया भाग
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मुख्यमंत्री ने दिया एकता और अखंडता का संदेश
विकसित हरियाणा के साथ सशक्त भारत के निर्माण में दें योगदान, मुख्यमंत्री ने किया आह्वान
सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाकर राष्ट्रीय एकता को करें मजबूत: मुख्यमंत्री
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्तूबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों से विकसित हरियाणा के साथ-साथ सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें तथा अफवाहों और भेदभाव को बढ़ावा देने वाली बातों से बचें। उन्होंने कहा कि युवाओं के छोटे-छोटे जिम्मेदार कदम समाज में विश्वास और सद्भाव को बढ़ावा दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की और स्वयं भी ‘रन फॉर यूनिटी’ में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभक्ति के उत्साह और भारत की एकता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ आयोजित इस दौड़ का संदेश पूरे देश में जाएगा कि हम सब एक हैं और भारत की एकता एवं अखंडता को सदैव अक्षुण्ण रखेंगे।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आजादी के समय भारत के सामने अनेक चुनौतियां थीं। देश विभाजन की पीड़ा से गुजर रहा था और सैकड़ों रियासतों को एक राष्ट्र के सूत्र में पिरोने का कठिन दायित्व सामने था। स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री के रूप में सरदार पटेल ने अपनी दूरदृष्टि, संवाद कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति से 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने आधुनिक भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, नीयत साफ हो और राष्ट्रहित सर्वोपरि हो, तो असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जनसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की विरासत को अपने आचरण में उतारने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारी भाषाएं, पहनावे और परंपराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारा संविधान, हमारा तिरंगा और हमारी राष्ट्रीय पहचान हमें एक सूत्र में बांधते हैं। प्रत्येक भाषा और संस्कृति का सम्मान करके तथा एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बनकर हम राष्ट्रीय एकता को अपने दैनिक जीवन में और मजबूत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों से प्रेरित ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाया है। विभिन्न राज्यों की भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं के बीच संवाद एवं आत्मीयता बढ़ाने का यह प्रयास देशवासियों को एक-दूसरे के और निकट लाता है। गुजरात में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ उनके विराट योगदान का स्मारक है। यह हमें याद दिलाती है कि एकजुट राष्ट्र अपने परिश्रम और संकल्प से कितनी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लिए राष्ट्रसेवा गौरवशाली परंपरा रही है। हमारे जवान सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं, किसान खेतों में परिश्रम करते हैं और खिलाड़ी विश्व के खेल मैदानों में तिरंगे का मान बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि कल, एक नवंबर को हरियाणा अपने गठन के 60 वर्ष पूरे करेगा। इस अवसर की पूर्व संध्या पर हम सभी संकल्प लें कि प्रदेश की प्रगति के साथ-साथ देश की एकता को भी और मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी दिलाई।
‘रन फॉर यूनिटी’ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। देशभक्ति के गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच युवाओं एवं बच्चों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संदेश देते हुए दौड़ लगाई। यह दौड़ एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब, एमडीसी, सेक्टर-1, पंचकूला से शुरू होकर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस आयुक्त पंकज नैन, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन जसमेर बंजारा, एसडीएम पंचकूला सुश्री मन्नत राणा, एसडीएम कालका संयम गर्ग सहित भारी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. शर्मा के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जताया शोक
पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी, कर्मठ और समर्पित शख्सियत को खोया : मुख्यमंत्री
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 31 अक्टूबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश शर्मा (ओ.पी. शर्मा) के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी, कर्मठ और समर्पित शख्सियत को खो दिया है। उनका असामयिक निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। स्वर्गीय ओ.पी. शर्मा हिसार जिला के धांसू गांव के रहने वाले थे। हिसार में पत्रकारिता करने के बाद इन दिनों वो चंडीगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की पत्रकारिता कर रहे थे।
वहीं, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ आदित्य दहिया ने भी वरिष्ठ पत्रकार ओ.पी. शर्मा के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उनके निधन की सूचना अत्यंत दुखद और मन को व्यथित करने वाली है। उनके जाने से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और कर्मठ पत्रकार के साथ-साथ एक हंसमुख एवं मिलनसार साथी को भी खो दिया है।
उन्होंने कहा कि इस दुःख की घड़ी में पूरा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।












Total Users : 442995
Total views : 703272