बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 1 नवंबर। हरियाणा पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता, दक्षता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वर्ष 2026 के लिए घोषित प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक’ के लिए हरियाणा पुलिस एसटीएफ के 10 जांबाज अधिकारियों एवं कर्मचारियों का चयन किया गया है।
इंटेलिजेंस और स्पेशल ऑपरेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हरियाणा पुलिस को मिला राष्ट्रीय सम्मान
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को घोषित इन पदकों में हरियाणा पुलिस एसटीएफ के अधिकारियों को इंटेलिजेंस तथा स्पेशल ऑपरेशन (आतंकवाद-रोधी) श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। इंटेलिजेंस श्रेणी में हरियाणा पुलिस एसटीएफ के एसएसपी वसीम अकरम, डीएसपी प्रदीप , सब-इंस्पेक्टर वरुण और सिपाही वरुण जांगड़ा को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। वहीं, स्पेशल ऑपरेशन श्रेणी में हरियाणा पुलिस एसटीएफ के डीएसपी अमन कुमार, सब-इंस्पेक्टर गौरव सिंह, सब-इंस्पेक्टर रणदीप सिंह, सब-इंस्पेक्टर कपिल, सब-इंस्पेक्टर संदीप तथा सिपाही साजन सिंह को पदक प्रदान करने की घोषणा की गई है। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 1 फरवरी 2024 को शुरू किए गए इस पुरस्कार का उद्देश्य पुलिस बलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के असाधारण पेशेवर कौशल, कर्तव्यनिष्ठा, विशिष्ट सेवा तथा चुनौतीपूर्ण अभियानों में उत्कृष्ट योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है। यह सम्मान मुख्य रूप से स्पेशल ऑपरेशन (आतंकवाद-रोधी), उत्कृष्ट अनुसंधान, फोरेंसिक साइंस और इंटेलिजेंस जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियों में प्रदान किया जाता है।
स्पेशल ऑपरेशन श्रेणी में हरियाणा पुलिस का आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार, 24 आतंकी एवं सहयोगी गिरफ्तार
स्पेशल ऑपरेशन श्रेणी में हरियाणा पुलिस एसटीएफ की टीम को यह सम्मान पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क के विरुद्ध चलाए गए व्यापक और चुनौतीपूर्ण आतंकवाद-रोधी अभियान में उल्लेखनीय सफलता के लिए मिला है। हरियाणा पुलिस एसटीएफ की टीम ने सटीक खुफिया जानकारी, तकनीकी निगरानी, डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय के आधार पर इस नेटवर्क के विरुद्ध सुनियोजित कार्रवाई की। इस अभियान के तहत हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में फैले आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए कुल 24 आतंकियों एवं उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।
इंटेलिजेंस श्रेणी में हरियाणा पुलिस की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कामयाबी, जॉर्जिया से वांटेड गैंगस्टर वेंकट गर्ग का प्रत्यर्पण
इंटेलिजेंस श्रेणी में चयनित हरियाणा पुलिस एसटीएफ की टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी खुफिया समन्वय और दक्षता का परिचय देते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, जबरन वसूली, अवैध हथियारों और संगठित अपराध सहित 34 गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अंबाला निवासी भगोड़े अपराधी वेंकट गर्ग को जॉर्जिया से भारत प्रत्यर्पित करवाने में अहम भूमिका निभाई। लगातार खुफिया जानकारी जुटाने, अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने और कानूनी प्रक्रियाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के परिणामस्वरूप वेंकट गर्ग को 11 जून 2026 को भारत लाया गया। जांच के अनुसार, आरोपी धोखाधड़ी के माध्यम से पासपोर्ट हासिल कर विदेश फरार हो गया था और वहां से अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा था।
विदेश जाने से पहले 23 और विदेश में रहते हुए दर्ज हुए 11 आपराधिक मामले
आरोपी के विदेश जाने से पहले उसके विरुद्ध 23 आपराधिक मामले दर्ज थे, जबकि विदेश में रहने के दौरान उसके खिलाफ 11 अन्य मामले दर्ज हुए। हरियाणा पुलिस एसटीएफ की इंटेलिजेंस टीम के सतत प्रयासों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी तालमेल से इस वांछित अपराधी को कानून के शिकंजे में लाना संगठित अपराध के विरुद्ध हरियाणा पुलिस की बड़ी उपलब्धि साबित हुआ।
डीजीपी अजय सिंघल ने दी बधाई, कहा- हरियाणा पुलिस की पेशेवर दक्षता और समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पदक के लिए चयनित हरियाणा पुलिस एसटीएफ के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के जवानों ने अपनी सटीक खुफिया जानकारी, रणनीतिक कौशल, अदम्य साहस और उत्कृष्ट पेशेवर कार्यशैली से राष्ट्रीय स्तर पर विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयां प्रदान की हैं। आतंकवाद और संगठित अपराध जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वांछित अपराधियों को कानून के दायरे में लाने में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय है। डीजीपी ने कहा कि यह सम्मान केवल चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि पूरे हरियाणा पुलिस बल के सामूहिक समर्पण, टीमवर्क और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन अधिकारियों की उपलब्धियां प्रदेश के अन्य पुलिसकर्मियों को भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेंगी।













Total Users : 444260
Total views : 705073