October 12, 2026 1:30 pm

October 12, 2026 1:30 pm

PUNJAB: भगवंत मान सरकार का नया रिकॉर्ड: चार साल से कम समय में 63,027 युवाओं को सरकारी नौकरियाँ

16 मार्च 2022 से औसतन प्रतिदिन 45 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 1,746 पुलिस कांस्टेबलों को सौंपे नियुक्ति पत्र, पंजाब पुलिस को किया और मजबूत
जालंधर, 11 जनवरी।। जब देश के अधिकांश राज्यों में सरकारी नौकरी युवाओं के लिए एक सपना बनती जा रही है, वहीं पंजाब सरकार ने ठोस नतीजों के साथ एक नया मानदंड स्थापित किया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को जालंधर स्थित पीएपी ग्राउंड में पंजाब पुलिस के 1,746 नवनियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 16 मार्च 2022 से अब तक पंजाब सरकार औसतन प्रतिदिन 45 युवाओं को सरकारी नौकरी दे रही है, जिसके परिणामस्वरूप चार वर्षों से भी कम समय में 63,027 युवाओं को सरकारी नौकरियाँ दी जा चुकी हैं। यह उपलब्धि न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि सरकार की परिणामोन्मुखी कार्यशैली को भी दर्शाती है।
योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर हुई भर्तियाँ
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि ये नौकरियाँ कोई एहसान नहीं, बल्कि युवाओं का हक हैं।
उन्होंने कहा,
“पंजाब के युवा अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर इन नौकरियों के अधिकारी बने हैं। पिछली सरकारों ने युवाओं के भविष्य की अनदेखी की, लेकिन हमारी सरकार ने पहले दिन से मेरिट और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।”
उन्होंने बताया कि कई युवाओं को इस कार्यकाल में दो-दो और तीन-तीन सरकारी नौकरियाँ भी मिली हैं, जो सिस्टम में आए भरोसे और निष्पक्षता का प्रमाण है।
नशों, साइबर अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभाएगी नई भर्ती
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पुलिस कर्मियों से जनता की सेवा को मिशन मानकर कार्य करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ये जवान नशों के खिलाफ ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान, साइबर अपराध और संगठित गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला कैडर के 1,261 और सशस्त्र कैडर के 485 कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
पिछले चार वर्षों में 10,264 युवा बने पंजाब पुलिस का हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते चार वर्षों में 10,264 युवाओं की भर्ती पंजाब पुलिस के विभिन्न रैंकों में की गई है, जिससे पुलिस बल को अभूतपूर्व मजबूती मिली है।
उन्होंने पंजाब पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद पुलिस ने शांति, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती से बनाए रखा है।
सीमा पार साजिशों और नशा तस्करी पर सख्त प्रहार
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चेतावनी दी कि पड़ोसी देशों द्वारा पंजाब को अस्थिर करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन पंजाब पुलिस उन्हें किसी भी सूरत में सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने बताया कि पंजाब देश का पहला राज्य है जहाँ ‘बाज़ आंख’ एंटी-ड्रोन सिस्टम को तरनतारन, फिरोजपुर और अमृतसर के ग्रामीण इलाकों में तैनात किया गया है, जिससे सीमा पार से नशों और हथियारों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगी है।
साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा में भी बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब स्टेट साइबर क्राइम विंग को डिजिटल एविडेंस कॉन्फ्रेंस-2025 (नई दिल्ली) में एक्सीलेंस अवॉर्ड-2025 से सम्मानित किया गया है।
इसके साथ ही सड़क सुरक्षा बल के गठन के बाद सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 48 प्रतिशत की कमी आई है, जिसकी सराहना भारत सरकार ने भी की है।

नव-भर्ती जवानों को संदेश
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त जवानों को बधाई देते हुए कहा,
“आप पंजाब पुलिस परिवार का हिस्सा बने हैं। अपनी ड्यूटी को ईमानदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निभाएँ। जनता की शिकायतों का समाधान करें और न्याय सुनिश्चित करने में अग्रणी भूमिका निभाएँ।”
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत, डीजीपी गौरव यादव सहित पंजाब पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 6 4
Total Users : 429164
Total views : 684379

शहर चुनें