July 13, 2026 11:32 am

July 13, 2026 11:32 am

PUNJAB: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चरण कंवल साहिब माछीवाड़ा गुरुद्वारा में टेका माथा

गुरुओं की शिक्षाओं को आत्मसात कर राष्ट्र सेवा का संकल्प लें : नायब सिंह सैनी

प्राचीन श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर में भी की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक कर मांगी देश की समृद्धि
लुधियाना/चंडीगढ़, 11 जनवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को अपने पंजाब दौरे के दौरान ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण कंवल साहिब, माछीवाड़ा (लुधियाना) पहुंचकर माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आकर वे स्वयं को अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने  कहा कि यह वही ऐतिहासिक स्थान है, जहां दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी ने कठोर तपस्या की और देश व समाज को धर्म, साहस, त्याग और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि गुरुओं ने सदैव समाज और राष्ट्र की भलाई के लिए संघर्ष किया और महान बलिदान दिए, जिनसे आज भी हमें प्रेरणा मिलती है।
गुरुओं के बलिदानों से ही सुरक्षित है देश की संस्कृति
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यदि गुरुओं ने अपने जीवन का बलिदान न दिया होता, तो आज देश का इतिहास कुछ और ही होता। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरुओं का संघर्ष किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि समूचे समाज और राष्ट्र के लिए था। उनकी शिक्षाओं को आत्मसात कर ही हम देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब, जहां गुरु गोविंद सिंह जी के चरण पड़े हों, वहां शीश नवाने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
राजनीति के लिए गुरुओं पर बयानबाजी निंदनीय
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए गुरुओं को लेकर अनुचित बयानबाजी कर रहे हैं, जो पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि गुरुओं के प्रति ऐसी भाषा न तो सोची जानी चाहिए और न ही बोली जानी चाहिए।

प्रमुख लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. प्रभलीन सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जसबीर सिंह तथा हेड ग्रंथी ज्ञानी हरचरण सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर में किया जलाभिषेक
इसके उपरांत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्राचीन श्री मुक्तेश्वर शिव मंदिर (मुक्तिधाम), चहिला पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जलाभिषेक किया। उन्होंने भगवान शिव से देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 7 3 3 3
Total Users : 367333
Total views : 601147

शहर चुनें