October 12, 2026 12:34 pm

October 12, 2026 12:34 pm

सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार, सर गंगाराम अस्पताल से मिली छुट्टी

नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत में सुधार होने पर रविवार शाम उन्हें सर गंगाराम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि इलाज का अच्छा असर होने से उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।
बुलेटिन के मुताबिक, छाती में संक्रमण के कारण ब्रोंकियल अस्थमा बढ़ने से सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका इलाज सीनियर कंसल्टेंट चेस्ट मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अरूप बसु की देखरेख में चल रहा था। अस्पताल से छुट्टी के बाद अब उन्हें घर पर ही आगे इलाज जारी रखने की सलाह दी गई है।
बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी को 5 जनवरी की रात करीब 10 बजे सांस लेने में तकलीफ के चलते सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेडिकल जांच में सामने आया था कि ठंडे मौसम और बढ़ते प्रदूषण के संयुक्त असर से उनका ब्रोंकियल अस्थमा बढ़ गया था। एहतियातन उन्हें निगरानी और उपचार के लिए अस्पताल में रखा गया, जहां उन्हें एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाएं दी गईं, जिससे उनकी हालत में सुधार हुआ।
गौरतलब है कि 79 वर्षीय सोनिया गांधी की तबीयत इससे पहले भी 7 जून 2025 को हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान खराब हो गई थी। उस समय वे शिमला में थीं और वहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें दिल्ली लाकर सर गंगाराम अस्पताल में इलाज दिया गया। इससे पहले भी सोनिया गांधी नियमित जांच के लिए इसी अस्पताल में आती रही हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 4 5
Total Users : 429145
Total views : 684351

शहर चुनें