October 12, 2026 11:47 am

October 12, 2026 11:47 am

PUNJAB: हरजोत सिंह बैंस ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के 21 अस्थायी कर्मचारियों को सौंपे रेगुलराइजेशन सर्टिफिकेट

शिक्षा मंत्री ने स्थायी किए गए कर्मचारियों को दी हार्दिक बधाई
चंडीगढ़, 12 जनवरी 2026: मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की कर्मचारियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने सोमवार को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) में कार्यरत 21 अस्थायी कर्मचारियों को नियमितीकरण (रेगुलराइजेशन) के प्रमाण पत्र सौंपे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की “पॉलिसी फॉर वेलफेयर ऑफ एडहॉक, कॉन्ट्रैक्चुअल, डेली वेजेज, वर्क-चार्ज्ड एंड टेम्परेरी एम्प्लॉयीज” के तहत इन कर्मचारियों की सेवाओं को स्थायी किया गया है। इनमें 16 पैकर, 2 कुक, 2 वेटर और 1 ड्राइवर शामिल हैं।
स. हरजोत सिंह बैंस ने स्थायी किए गए कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह रेगुलराइजेशन सर्टिफिकेट केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि सम्मान, नौकरी की सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी लंबे समय से पूरी निष्ठा और मेहनत से सेवाएं दे रहे थे और स्थायी होने के वे पूर्ण रूप से हकदार हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया आम आदमी पार्टी सरकार के चुनावी वादों की पूर्ति का हिस्सा है, जिसके तहत यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र कर्मचारी स्थायी नौकरी के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को सुरक्षा, सम्मान और समान विकास के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि इस रेगुलराइजेशन से कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्थायित्व और राहत मिलेगी, साथ ही वे बोर्ड द्वारा प्रदान किए जाने वाले सभी सेवा लाभों के पात्र बनेंगे। यह कदम लंबे समय से चली आ रही कर्मचारियों की मांग को पूरा करने के साथ-साथ अस्थायी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने के राज्य सरकार के संकल्प को भी मजबूत करता है।
इस मौके पर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह सहित बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 2 2
Total Users : 429122
Total views : 684325

शहर चुनें