CCTV में कैद पूरी वारदात, बड़ा हादसा टला
अंबाला: हरियाणा के अंबाला में बलदेव नगर थाना परिसर में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शख्स ने थाने के अंदर खड़ी मारुति 800 कार में आग लगा दी। आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। गनीमत रही कि पुलिस की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के बाद जांच में कार के भीतर 5-5 किलो के तीन गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। पुलिस ने कार नंबर DL 3CAZ 6681 को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV में कैद हुई घटना
थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के मुताबिक, आरोपी व्यक्ति पहले कार को थाना परिसर में खड़ा करता है, फिर कुछ देर बाद वापस आकर वीडियो बनाता है और कार में आग लगाकर मौके से फरार हो जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अंबाला अजीत सिंह शेखावत, डीएसपी अमन कुमार, एसटीएफ, फॉरेंसिक टीम, बम स्क्वायड और CID की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।
सिलेंडर होने के बावजूद टला बड़ा हादसा
अंबाला ASP उत्तम ने बताया कि,
“व्यक्ति ने जानबूझकर थाने में गाड़ी खड़ी कर उसमें आग लगाई। गाड़ी के अंदर गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।”
कार मालिक की जांच जारी
ASP उत्तम के अनुसार, कार का नंबर दिल्ली का है और यह गाड़ी कई बार बेची जा चुकी है। कार का असली मालिक करीब एक साल पहले ही मौत हो चुका है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय कार किसके कब्जे में थी।
पुलिस ने सभी सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें मीडिया के साथ साझा नहीं किया गया है।
पाकिस्तानी कनेक्शन और आतंकी दावे की जांच
मामले में सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी कनेक्शन की भी चर्चा चल रही है। एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स खुद को पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी बता रहा है और खुद को बेगुनाह बताते हुए साजिश में फंसाने का दावा कर रहा है।
वहीं, खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है और पुलिसकर्मियों के मारे जाने की बात कही है। हालांकि, एसपी अंबाला ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि किसी भी पुलिसकर्मी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर एंगल से जांच कर रही हैं और सोशल मीडिया पर वायरल दावों की भी पुष्टि की जा रही है।










Total Users : 291148
Total views : 493330