14 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेगी नीलामी, आवासीय व व्यावसायिक निवेश के लिए बड़ा अवसर
चंडीगढ़, 14 जनवरी 2026: पंजाब में योजनाबद्ध शहरी विकास और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने वर्ष 2026 की पहली मेगा ऑनलाइन नीलामी की घोषणा की है। पंजाब के आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि इस नीलामी में करीब 5,460 करोड़ रुपये मूल्य की 42 प्रमुख साइटों को ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से बोली के लिए प्रस्तुत किया गया है। यह नीलामी 14 जनवरी से 11 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नीलामी में आवासीय प्लॉट, एस.सी.ओ., मिक्स्ड लैंड यूज़, ग्रुप हाउसिंग, अस्पताल और होटल साइटें शामिल हैं। यह पहल मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार की उस नीति को दर्शाती है, जिसके तहत संपत्ति की कीमतों को तर्कसंगत बनाकर घर खरीदारों, उद्यमियों और संस्थागत निवेशकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि सरकार की निवेशक-हितैषी नीतियों और पारदर्शी ई-नीलामी व्यवस्था के चलते गमाडा की पिछली नीलामियों को उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। इसी क्रम में वर्ष 2026 की यह पहली मेगा नीलामी आयोजित की जा रही है, जिससे रियल एस्टेट सेक्टर को और गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि नीलामी में शामिल संपत्तियां शहरों के प्रमुख और रणनीतिक स्थानों पर स्थित हैं, जो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और सड़क नेटवर्क से बेहतर तरीके से जुड़ी हुई हैं। इससे आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह के निवेशकों को दीर्घकालिक लाभ मिलने की संभावना है।
कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि पूरी नीलामी प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी। बोली से जुड़ी पात्रता, भुगतान शेड्यूल, साइट विवरण और नियम एवं शर्तें नीलामी पोर्टल puda.enivida.com पर उपलब्ध हैं। पोर्टल पर पंजीकरण के बाद इच्छुक बोलीदाता नीलामी में भाग ले सकते हैं। इसके अलावा, निवेशकों की सुविधा के लिए गमाडा ने invest.gmada@punjab.gov.in ई-मेल आईडी भी शुरू की है, जिस पर संपत्तियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
हरदीप सिंह मुंडियां ने विश्वास जताया कि पिछली नीलामियों की तरह यह मेगा ई-नीलामी भी सफल रहेगी। इससे प्राप्त राजस्व का उपयोग गमाडा अपने अधिकार क्षेत्र में विकास कार्यों पर करेगा, जिससे शहरी अवसंरचना को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि ‘इन्वेस्ट मोहाली 2026’ पहल के तहत आयोजित यह नीलामी समावेशी और पारदर्शी शहरी विकास के नए अवसर खोल रही है। आईटी, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य, शिक्षा और आतिथ्य जैसे क्षेत्रों में हो रहे बड़े निवेशों के चलते मोहाली उत्तर भारत के तेजी से उभरते निवेश केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।











Total Users : 291430
Total views : 493773