April 5, 2026 6:10 am

April 5, 2026 6:10 am

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंजावर में 15.37 करोड़ की सड़क परियोजना का किया शिलान्यास

2026 में हरोली विधानसभा क्षेत्र में 2500 करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे : अग्निहोत्री
अनिल कुमार शर्मा
ऊना, — उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर में लगभग 15.37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। यह राशि विधायक निधि से उपलब्ध करवाई गई है। परियोजना के अंतर्गत माढू की निहाली से श्री मदन के घर तक, लोअर पंजावर से सैनी मोहल्ला, मोहल्ला ढक्की से दौलतपुर तथा नगनोली पेट्रोल पंप (वार्ड नंबर-5) से शिव मंदिर, पंजावर तक सड़कों का निर्माण शामिल है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सड़क निर्माण का लगभग 70 प्रतिशत कार्य सीमेंट-कंक्रीट तकनीक से किया जाएगा और इसे आठ माह के भीतर पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2500 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और हरोली प्रदेश के विकास मानचित्र पर नए स्वरूप में उभरेगा।
सड़कों-पुलों का सुदृढ़ नेटवर्क
अग्निहोत्री ने कहा कि बेहतर यातायात सुविधाओं के लिए क्षेत्र में सड़कों का व्यापक नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। हाल ही में 11.50 करोड़ रुपये की लागत से पंजावर–पंडोगा सड़क का निर्माण पूरा किया गया है। इसके साथ ही हरोली क्षेत्र में 11 पुलों के निर्माण पर लगभग 132 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनमें 50 करोड़ रुपये की लागत से पंडोगा–त्यूड़ी पुल का निर्माण प्रगति पर है।

सहकारिता और सामुदायिक विकास
उन्होंने बताया कि सहकारिता आंदोलन की जन्मस्थली पंजावर में 10 करोड़ रुपये की लागत से मियां हीरा सिंह स्टेट कोऑपरेटिव ट्रेनिंग सेंटर एवं सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है। वहीं 13 करोड़ रुपये की लागत से सर नाले के तटीकरण का कार्य भी जारी है।

खेल अधोसंरचना को बढ़ावा
क्षेत्र में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय खड्ड में 13 करोड़ रुपये से इनडोर स्टेडियम का निर्माण चल रहा है, जबकि खड्ड फुटबॉल स्टेडियम में 46 लाख रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स लगाई जा रही हैं।

विकास के विविध आयाम
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रोड़ा में 5 करोड़ रुपये से ऑटोमेटिक वाहन परीक्षण केंद्र, 8 करोड़ रुपये से ट्रैफिक पार्क, 7 करोड़ रुपये से विश्राम गृह तथा 13 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट का निर्माण प्रगति पर है। इन परियोजनाओं से बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

पेयजल व सिंचाई पर 1000 करोड़
उन्होंने कहा कि ऊना जिले में लगभग 1000 करोड़ रुपये पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं पर व्यय किए जा रहे हैं। वहीं हरोली क्षेत्र में ट्यूबवेलों की रिमॉडलिंग पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे किसानों को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने पंजावर में पुस्तकालय “सामर्थ्य ज्ञानदीप केंद्र” का लोकार्पण भी किया।

धार्मिक पर्यटन और शिक्षा
बाद में उन्होंने ईसपुर में 6.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे शीतला माता मंदिर की प्रगति का जायजा लिया और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की बात कही। उन्होंने ईसपुर–दमामियां सड़क के निर्माण से मिली सुविधा का भी उल्लेख किया।
इससे पूर्व, उप मुख्यमंत्री ने 12.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहे हरोली कॉलेज के अत्याधुनिक भवन का निरीक्षण किया, जहां स्टेज, कैफेटेरिया, ओपन जिम, वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज क्षेत्र के युवाओं के सर्वांगीण विकास का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह राणा, नगनोली के प्रधान मेहताब ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 1
Total Users : 290981
Total views : 493098

शहर चुनें