October 12, 2026 2:10 pm

October 12, 2026 2:10 pm

जींद में नशे का बड़ा जाल बेनकाब; गेहूं के खेत में बने लोहे के तहखाने से 276 किलो चूरा पोस्त बरामद

एक तस्कर गिरफ्तार

जींद: सीआईए स्टाफ नरवाना ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को गांव डूमरखां खुर्द के पास खेतों में छापेमारी कर 276 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को काबू कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। बरामद चूरा पोस्त को गेहूं के खेत में लोहे के बने तहखाने में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया था, जिसके ऊपर पराली और गोबर डालकर उसे पूरी तरह ढका गया था।

गुप्त सूचना पर की गई सटीक कार्रवाई
सीआईए स्टाफ नरवाना को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव डूमरखां खुर्द निवासी सुमित और मनीष ढाबे की आड़ में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना के अनुसार, मनीष के खेत में लोहे का तहखाना बनाकर चूरा पोस्त जमीन में दबाया गया है और सुमित अपनी कार से सप्लाई के लिए वहां पहुंचने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मनीष के खेत में छापा मारा। मौके पर एक कार खड़ी मिली और पास ही गेहूं के खेत से एक व्यक्ति तहखाने से बाहर निकलता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने तुरंत काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सुमित निवासी डूमरखां खुर्द के रूप में हुई।

11 कट्टों में भरा मिला चूरा पोस्त
पुलिस ने खेत में बने तहखाने की तलाशी ली तो उसमें 11 कट्टे भरे मिले। जांच करने पर सभी कट्टों में चूरा पोस्त पाया गया, जिसका कुल वजन 276 किलो 100 ग्राम निकला। तहखाने को इस तरह छिपाया गया था कि ऊपर से देखने पर किसी को शक न हो।

ढाबे की आड़ में चलता था नशे का कारोबार
पुलिस पूछताछ में सुमित ने खुलासा किया कि वह गांव के ही मनीष के साथ ढाबा चलाता है और उसी की आड़ में वे नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए खेत में गड्ढा खोदकर लोहे का तहखाना बनाया गया था। मांग के अनुसार वहीं से चूरा पोस्त निकालकर सप्लाई की जाती थी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सदर थाना नरवाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुमित और मनीष के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से नशा तस्करी के नेटवर्क, सप्लायर और खरीददारों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
सीआईए नरवाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि ढाबे की आड़ में नशे के कारोबार की पुख्ता सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई। खेत में बने तहखाने से भारी मात्रा में चूरा पोस्त बरामद हुआ है और आगे की जांच जारी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 8
Total Users : 429178
Total views : 684399

शहर चुनें