October 12, 2026 2:09 pm

October 12, 2026 2:09 pm

DELHI-NCR को बड़ी राहत: GRAP का स्टेज-IV तत्काल प्रभाव से हटाया गया

AQI में सुधार के बाद CAQM का फैसला, लेकिन स्टेज-I, II और III की पाबंदियां रहेंगी जारी

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की उप-समिति ने वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में आए सुधार को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के सबसे सख्त चरण स्टेज-IV को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। यह निर्णय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद लिया गया।
बैठक में भारतीय मौसम विभाग (IMD) और आईआईटीएम के पूर्वानुमानों पर विस्तार से चर्चा की गई। रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में हवा की गति बढ़ने और मौसम के अनुकूल रहने से दिल्ली का औसत AQI 378 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। यह पिछले दिनों की ‘गंभीर+’ श्रेणी (AQI 450 से ऊपर) की तुलना में बेहतर स्थिति मानी जा रही है। इसी सुधार को आधार बनाते हुए 17 जनवरी से लागू GRAP-IV के आदेशों को वापस लेने का निर्णय लिया गया।

पाबंदियों में राहत, लेकिन सतर्कता बरकरार
हालांकि सबसे कठोर पाबंदियां हटाई गई हैं, लेकिन प्रशासन ने साफ किया है कि प्रदूषण पर पूरी तरह नियंत्रण अभी नहीं हुआ है। आदेश के तहत GRAP के स्टेज-I, II और III की सभी पाबंदियां पूरे एनसीआर में लागू रहेंगी। संबंधित विभागों और एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इन चरणों के तहत नियमों का सख्ती से पालन कराएं, ताकि AQI फिर से गंभीर स्तर तक न पहुंचे।
सर्दियों के मौसम को देखते हुए नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सिटिजन चार्टर का पालन करें और प्रदूषण कम करने में प्रशासन का सहयोग करें।
क्या होगा असर
GRAP स्टेज-IV हटने से दिल्ली में ट्रक यातायात और कुछ निर्माण गतिविधियों पर लगी अत्यधिक पाबंदियों में राहत मिल सकती है। हालांकि स्टेज-III लागू रहने के कारण गैर-जरूरी निर्माण कार्यों पर रोक और BS-III पेट्रोल व BS-IV डीजल चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
CAQM की उप-समिति ने स्पष्ट किया है कि वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमानों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। यदि प्रदूषण का स्तर दोबारा बढ़ता है, तो स्थिति के अनुसार कड़े कदम फिर से लागू किए जा सकते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 7
Total Users : 429177
Total views : 684398

शहर चुनें