October 12, 2026 12:47 pm

October 12, 2026 12:47 pm

निपुण हरियाणा मिशन: सेन्सस असेसमेंट 2.0 में पंचकूला का शानदार प्रदर्शन, 210 स्कूल ‘ए’ श्रेणी में

पंचकूला, 21 जनवरी। निपुण हरियाणा मिशन के तहत आयोजित सेन्सस असेसमेंट 2.0 में पंचकूला जिले के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले को प्रदेश में अग्रणी बना दिया है। उपायुक्त एवं मिशन डायरेक्टर निपुण पंचकूला सतपाल शर्मा के नेतृत्व में जिले के सभी 275 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 2 और 3 के विद्यार्थियों का यह आकलन 29 व 30 दिसंबर 2025 को किया गया था।
आकलन के परिणामों में 275 में से 210 विद्यालय ‘ए’ श्रेणी में आए हैं, जबकि 36 विद्यालय ‘बी’ और केवल 27 विद्यालय ‘सी’ श्रेणी में रहे। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे शिक्षा विभाग में उत्साह का माहौल है।
इस सफलता के उपलक्ष्य में अतिरिक्त उपायुक्त पंचकूला श्रीमती निशा यादव की अध्यक्षता में चितकारा इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-28 पंचकूला में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त ने जिले की शिक्षा टीम की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं और इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का आह्वान किया।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी, डाइट की प्रधानाचार्या सुजाता सहित शिक्षा विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिला एफएलएन समन्वयक असिन्द्र कुमार ने पीपीटी के माध्यम से निदेशालय द्वारा जारी सेन्सस असेसमेंट के परिणाम प्रस्तुत किए।
परिणामों के अनुसार बरवाला ब्लॉक के 47 में से 37, मोरनी के 63 में से 50, रायपुररानी के 43 में से 37 तथा पिंजौर खंड के 122 में से 86 विद्यालय ‘ए’ श्रेणी में रहे। शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो कक्षा 2 में हिंदी में 81 प्रतिशत और गणित में 87.16 प्रतिशत उत्कृष्ट लर्नर्स रहे, जबकि कक्षा 3 में हिंदी में 76.48 प्रतिशत और गणित में 87.16 प्रतिशत विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समारोह के दौरान चारों खंडों के शिक्षा अधिकारियों, 11 क्लस्टर्स के क्लस्टर मुखियाओं व मेंटर्स, जिला व ब्लॉक एफएलएन समन्वयकों, एसपीआईयू सदस्यों, संपर्क फाउंडेशन प्रतिनिधियों, एसटीजी व केआरपी टीम सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अनेक अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने जिले के सभी अध्यापकों और विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आगामी सेन्सस असेसमेंट में और बेहतर प्रदर्शन कर पंचकूला को पूर्ण रूप से ‘निपुण जिला’ बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पूर्ण निष्ठा और लगन से कार्य करने का संकल्प लिया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 4 8
Total Users : 429148
Total views : 684354

शहर चुनें