April 5, 2026 12:40 pm

April 5, 2026 12:40 pm

हर घर योग और संस्कार से बनेगा विकसित भारत 2047: हरविन्द्र कल्याण

चंडीगढ़, 22 जनवरी: हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि हर घर में योग और संस्कार होना चाहिए, तभी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में समाज का योगदान सार्थक होगा। यह संदेश उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर विधान सभा में आयोजित राज्य स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में दिया।
कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा योग आयोग के सहयोग से किया गया, जिसमें आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य के नेतृत्व में टीम ने विधान सभा के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों द्वारा योगासनों का प्रदर्शन भी किया गया। मीडिया अधिकारी दिनेश कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया और योगाभ्यास में भाग लिया।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और आत्मा को सशक्त बनाती है। उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास के शब्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन को योग से जोड़ना चाहिए ताकि वह स्वस्थ और संतुलित जीवन जी सके।

हरविन्द्र कल्याण ने बच्चों में संस्कार विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को महापुरुषों के विचारों और राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे राष्ट्रनायकों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि विधान सभा के कर्मचारी शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होंगे, तो वे अधिक प्रामाणिकता और कार्यकुशलता के साथ काम कर पाएंगे। उन्होंने सराहना की कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में योग अभ्यास को नियमित रूप से शामिल किया जा रहा है, जिससे बच्चों में प्रारंभ से ही योग के प्रति रुचि और अनुशासन विकसित हो रहा है।
हरविन्द्र कल्याण ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के विभागों द्वारा योग को जन-आंदोलन बनाने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।


हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने बताया कि योग को शिक्षा पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है और सरकारी कार्यालयों में तनाव कम करने के लिए ‘वाई-ब्रेक’ योजना लागू की गई है। उन्होंने कहा कि योग अभियान आगामी 30 दिनों तक जारी रहेगा और समाज के हर वर्ग को जोड़ने के लिए विभिन्न विभाग और संस्थान सहयोग कर रहे हैं। अब तक सूर्य नमस्कार की वेबसाइट पर 13 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं।
कार्यक्रम में हरियाणा विधान सभा के सलाहकार रामनारायण यादव, योग आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. रोशन लाल, रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार, योग प्रशिक्षक प्रियंका चौधरी, डॉ. जसप्रीत कौर, और रमेश भाटी समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 3 9
Total Users : 291139
Total views : 493319

शहर चुनें