August 29, 2026 4:28 am

August 29, 2026 4:28 am

PUNJAB: मान सरकार के नेतृत्व में पंजाब का विश्व-स्तरीय शिक्षा की ओर बड़ा कदम

आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सल बिज़नेस स्कूल सिडनी के बीच ऐतिहासिक एमओयू

अंतरराष्ट्रीय सहयोग से तकनीकी शिक्षा के मानक और ऊँचे होंगे: हरजोत सिंह बैंस
चंडीगढ़, 23 जनवरी: मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य में विश्व-स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आई.के.जी.पी.टी.यू.), जालंधर ने ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित यूनिवर्सल बिज़नेस स्कूल सिडनी (यू.बी.एस.एस.) के साथ एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अकादमिक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
यह समझौता पंजाब भवन, चंडीगढ़ में आयोजित समारोह के दौरान तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री हरजोत सिंह बैंस की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। यह एमओयू राज्य में तकनीकी शिक्षा के मानकों को वैश्विक स्तर तक ले जाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

अकादमिक आदान-प्रदान और संयुक्त शोध को मिलेगा बढ़ावा
इस अंतरराष्ट्रीय सहयोग का मुख्य उद्देश्य अकादमिक आदान-प्रदान, संयुक्त शोध परियोजनाएं, फैकल्टी और विद्यार्थियों की साझी गतिविधियाँ तथा शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध में वैश्विक श्रेष्ठ प्रथाओं को अपनाना है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अकादमिक साझेदारियाँ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार के शिक्षा-सुधार एजेंडे का एक प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि यू.बी.एस.एस. सिडनी जैसी विश्व-स्तरीय संस्थाओं के साथ सहयोग से पंजाब के तकनीकी संस्थानों में शिक्षा और शोध की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

विद्यार्थियों और फैकल्टी के लिए नए वैश्विक अवसर
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस तरह के समझौते विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों के लिए संयुक्त प्रकाशन, नवाचार-आधारित परियोजनाओं, उन्नत शोध तथा अंतरराष्ट्रीय शोध नेटवर्क तक पहुँच के व्यापक अवसर खोलेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक साझेदारियाँ विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव, उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण और विदेशों में उच्च शिक्षा, इंटर्नशिप व प्लेसमेंट के बेहतर अवसर प्रदान करेंगी।

पंजाब के युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने का लक्ष्य
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मान सरकार पंजाब के युवाओं को विश्व-स्तर पर प्रासंगिक कौशल, शोध प्रवृत्तियों और पेशेवर दक्षताओं से लैस करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बन सकें।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यू.बी.एस.एस. ऑस्ट्रेलिया के साथ आई.के.जी.पी.टी.यू. की यह साझेदारी न केवल ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी, बल्कि ऑस्ट्रेलिया के उच्च शिक्षा इको-सिस्टम में पंजाब की शैक्षणिक उपस्थिति को भी मजबूत करेगी।

कुलपति और यू.बी.एस.एस. अध्यक्ष ने जताई प्रतिबद्धता
इस समझौते पर आई.के.जी.पी.टी.यू. जालंधर के कुलपति डॉ. सुशील मित्तल और यूनिवर्सल बिज़नेस स्कूल सिडनी के प्रेसिडेंट गैरी मल्होत्रा ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए।
गैरी मल्होत्रा ने विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता और वैश्विक नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को अत्यंत आवश्यक बताया। वहीं, कुलपति डॉ. सुशील मित्तल ने पंजाब को तकनीकी शिक्षा और शोध उत्कृष्टता का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय और द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करने की आई.के.जी.पी.टी.यू. की प्रतिबद्धता दोहराई।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 8 2
Total Users : 400082
Total views : 645612

शहर चुनें