August 6, 2026 8:32 am

August 6, 2026 8:32 am

PANCHKULA: उत्कृष्ट सामाजिक सेवा के लिए डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय राज्य-स्तरीय सम्मान से सम्मानित

पंचकूला। उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा आयोजित राज्य-स्तरीय सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय सामाजिक सेवा कार्यों के लिए गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सेक्टर-1, पंचकूला के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय को सम्मानित किया गया। यह सम्मान हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष द्वारा प्रदान किया गया।
सोमवार को हरियाणा लोक भवन, चंडीगढ़ में आयोजित गरिमामयी समारोह में डॉ. पाण्डेय को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र तथा 21,000 रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा, प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय एनएसएस के माध्यम से युवाओं को समाजसेवा, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता, ग्रामीण विकास एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े कार्यक्रमों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी कर समाज में सकारात्मक संदेश दिया है।
डॉ. पाण्डेय इससे पूर्व विगत वर्ष दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड समारोह में एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय, नई दिल्ली के अंतर्गत हरियाणा राज्य के दल नायक की जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनके इस दायित्वपूर्ण योगदान को एनएसएस के क्षेत्र में एक विशिष्ट उपलब्धि के रूप में देखा जाता है।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा कि एनएसएस जैसे कार्यक्रम युवाओं में सेवा-भाव, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि समर्पित कार्यक्रम अधिकारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और युवा पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं।
डॉ. पाण्डेय की इस उपलब्धि पर कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा, महाविद्यालय के प्राध्यापकों, स्टाफ सदस्यों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और इसे संस्थान तथा पंचकूला जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
सम्मान प्राप्त करने पर डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने इसे एनएसएस स्वयंसेवकों, सहयोगियों एवं संस्थान का सामूहिक सम्मान बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण व प्रतिबद्धता के साथ समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 3 4 4 2
Total Users : 383442
Total views : 623169

शहर चुनें