August 29, 2026 10:06 am

August 29, 2026 10:06 am

भारत-अमेरिका ट्रेड डील में बड़ी राहत: ट्रंप ने भारत पर अमेरिकी टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया

नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को फोन पर हुई बातचीत के बाद भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर लगाए जा रहे अमेरिकी टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिकी समयानुसार आज सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करना उनके लिए सम्मान की बात थी। उन्होंने पीएम मोदी को अपना “सबसे अच्छा दोस्त” बताते हुए भारत का एक “शक्तिशाली और सम्मानित नेता” कहा। ट्रंप के अनुसार, बातचीत के दौरान व्यापार, द्विपक्षीय रिश्तों और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
ट्रंप ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से ऊर्जा खरीद बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। उनके मुताबिक, इससे यूक्रेन युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर सप्ताह हजारों लोगों की जान जा रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के चलते, और उनके अनुरोध पर, अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगने वाला पारस्परिक टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। वहीं, भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को चरणबद्ध तरीके से शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
ट्रंप ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों की 500 अरब डॉलर से अधिक की खरीद के लिए उच्च स्तर की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत-अमेरिका के रिश्ते आने वाले समय में और मजबूत होंगे।
इससे पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के बीच बातचीत की जानकारी देते हुए कहा था, “राष्ट्रपति ट्रंप ने अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। जुड़े रहिए।”
गौरतलब है कि यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर वाशिंगटन के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। भारत-यूरोपीय संघ (EU) डील के बाद ट्रंप और मोदी के बीच यह पहली सीधी बातचीत मानी जा रही है।
इससे पहले भी ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा था कि वे वेनेजुएला के ऑयल सेक्टर में भारत और चीन से निवेश का स्वागत करते हैं। उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए एक न्यूज मैगजीन के कवर का जिक्र किया, जिसका शीर्षक था ‘न्यूजमेकर्स ऑफ द ईयर 2025’, और कैप्शन लिखा — ‘द मूवर एंड द शेकर’।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत समेत कई देश वेनेजुएला से तेल आयात शुरू कर सकते हैं, क्योंकि वहां हालिया कानूनी सुधारों के जरिए ऑयल सेक्टर को निजी निवेश के लिए खोला गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका के बीच मार्च 2025 से ट्रेड डील को लेकर बातचीत चल रही है। रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर अमेरिका ने अगस्त 2025 से भारतीय निर्यात पर कुल 50 प्रतिशत तक का भारी टैरिफ लगाया था, जिसमें 25 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क और 25 प्रतिशत अतिरिक्त लेवी शामिल थी। ऐसे में टैरिफ घटाने का यह फैसला भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक और आर्थिक राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 2 0 1
Total Users : 400201
Total views : 645778

शहर चुनें