Pannu Sleeper Cell : खालिस्तानी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ से जुड़े दो स्लीपर सेल सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी प्रतिबंधित संगठन के मुखिया गुरपतवंत सिंह पन्नू के लिए स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे थे। उनकी गिरफ्तारी दिल्ली से की गई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों ने 26 जनवरी से ठीक पहले राजधानी में दो अलग-अलग स्थानों पर प्रो-खालिस्तान नारे लिखकर माहौल खराब करने की कोशिश की थी। इस मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इनसे काम कराने के लिए दो लाख रुपये देने का लालच दिया था। आरोप है कि पैसों के बदले दोनों ने दिल्ली में दो स्थानों पर “खालिस्तान जिंदाबाद” लिखा। पुलिस के अनुसार, इस पूरी साजिश की योजना कनाडा में बैठकर बनाई गई थी।

पुलिस ने बताया कि कनाडा में मौजूद पन्नू के एक करीबी के जरिए बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ को यह काम सौंपा गया था। बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चालक है, जबकि रोहित उसका सहयोगी है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस साजिश का मास्टरमाइंड तिलक नगर का रहने वाला है, जो 26 जनवरी से कुछ दिन पहले ही कनाडा चला गया था और वहां से पन्नू के सीधे संपर्क में था। पुलिस पन्नू के अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गणतंत्र दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में अशांति फैलाने की धमकी देने के आरोप में ‘सिख फॉर जस्टिस’ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। एक अधिकारी के अनुसार, यह मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 197, 152 और 61 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश के बाद शुरू की गई थी, जिसमें उसने कथित तौर पर 26 जनवरी से पहले दिल्ली में शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की धमकी दी थी।













Total Users : 323543
Total views : 540254