May 3, 2026 8:43 pm

May 3, 2026 8:43 pm

12 फरवरी की देशव्यापी आम हड़ताल ऐतिहासिक होगी: सकसं हरियाणा

पंचकूला के स्वास्थ्य कर्मचारी भी हड़ताल में होंगे शामिल
पंचकूला, 7 फरवरी 2026।  केंद्रीय मजदूर संगठन सीटू और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व करार दिया है। हड़ताल की तैयारियों को लेकर विभिन्न सरकारी विभागों में व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सामान्य अस्पताल, पंचकूला में कर्मचारियों के बीच हड़ताल से जुड़े मांग-पत्र वितरित किए गए और बैठक का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन की जिला प्रधान रमा ने बताया कि कर्मचारियों और मजदूरों की साझा मांगों में सभी कच्चे कर्मचारियों व स्कीम वर्कर्स की सेवाएं नियमित करने, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रति माह लागू करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा रिक्त पदों पर नियमित भर्ती शामिल हैं। इसके साथ ही केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड) को तुरंत रद्द कर पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचकूला के स्वास्थ्य विभाग सहित सभी कर्मचारी 12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। मजदूर नेताओं ने कहा कि लेबर कोड्स के जरिए कॉरपोरेट मुनाफे को बढ़ावा देने के लिए नियमित भर्ती के स्थान पर टर्म बेस्ड नियुक्तियों का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा काम के घंटे 8 से बढ़ाकर 12 करने, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा पेंशन की गारंटी समाप्त करने तथा यूनियन बनाने जैसे संवैधानिक अधिकारों पर भी हमला किया गया है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान नितिन सिंगला और सीटू नेता श्रवण जांगड़ा ने अपने संबोधन में संसद में पेश केंद्रीय बजट को जनविरोधी बताया। साथ ही अमेरिका के साथ हुए असंतुलित व्यापारिक समझौते की आलोचना करते हुए कहा कि इससे देश के बाजार अमेरिकी उत्पादों से भर जाएंगे, छोटे उद्योग बंद होंगे और मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट आएगा।
जिला वरिष्ठ उप प्रधान राजीव चौहान ने कहा कि यह हड़ताल इसलिए भी ऐतिहासिक होगी क्योंकि मांगों में बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने, स्मार्ट मीटर योजना को बंद करने और सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने जैसे मुद्दे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन मांगों के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा ने भी हड़ताल को समर्थन देने का ऐलान किया है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 9 8 4 5
Total Users : 309845
Total views : 520691

शहर चुनें