April 5, 2026 1:48 pm

April 5, 2026 1:48 pm

CHANDIGARH: प्रशासन की लापरवाही से ‘डेंजर ज़ोन’ बना मनीमाजरा का नागला मोहल्ला पार्क

आवारा कुत्तों का आतंक, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
मनीमाजरा, 7 फरवरी 2026: मनीमाजरा के नागला मोहल्ला स्थित सार्वजनिक पार्क में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। नगर निगम और प्रशासन की कथित लापरवाही के चलते यह पार्क अब बच्चों और बुजुर्गों के लिए मनोरंजन स्थल नहीं, बल्कि डर का केंद्र बन चुका है। समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय ने पार्क की बदहाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि जिस पार्क में बच्चों को खेलना और बुजुर्गों को सुबह-शाम सैर करनी चाहिए, वहां आज आवारा कुत्तों के बड़े-बड़े झुंड घूमते रहते हैं। कुत्तों के आपसी झगड़े और आक्रामक व्यवहार के कारण लोगों का पार्क में जाना दूभर हो गया है। हालात ऐसे हैं कि बच्चे और बुजुर्ग घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पार्क में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ये कुत्ते न केवल आपस में लड़ते हैं, बल्कि राह चलते बच्चों और बुजुर्गों पर झपटने का भी खतरा बना रहता है। ऐसे में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

बच्चों और बुजुर्गों पर सबसे ज्यादा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, छोटे बच्चे जो खेलने के लिए पार्क में आते हैं, वे इन कुत्तों के आसान शिकार बन सकते हैं। वहीं, बुजुर्गों ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए सुबह-शाम की सैर पूरी तरह बंद कर दी है।

प्रशासन से तीखे सवाल
राजबीर सिंह भारतीय ने प्रशासन से सवाल उठाते हुए कहा, “क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? क्या तब ही कार्रवाई होगी जब किसी मासूम बच्चे पर कुत्तों का हमला होगा?”
उन्होंने यह भी सवाल किया कि कुत्तों की नसबंदी और प्रबंधन के नाम पर खर्च होने वाला सरकारी फंड आखिर जा कहां रहा है, जब जमीनी हकीकत में हालात जस के तस बने हुए हैं।

कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय ने बताया कि नगर निगम और संबंधित विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने मांग की कि नागला मोहल्ला पार्क से आवारा कुत्तों को हटाने या उनके उचित प्रबंधन की तुरंत व्यवस्था की जाए, ताकि लोग बिना भय के पार्क का उपयोग कर सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।
“जनता की सुरक्षा के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा,” उन्होंने कहा।
स्थानीय लोगों को अब प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की उम्मीद है, ताकि नागला मोहल्ला पार्क एक बार फिर बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित और उपयोगी बन सके।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 5 7
Total Users : 291157
Total views : 493354

शहर चुनें