July 13, 2026 5:10 am

July 13, 2026 5:10 am

PUNJAB: किफ़ायती पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं की ओर बड़ा कदम: छह जिलों में वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों में खुलेंगे ‘ब्लू क्रास’ स्टोर

चंडीगढ़, 8 फरवरी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पशुपालकों को सस्ती और सुलभ पशुधन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य के छह जिलों में वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों के भीतर ‘ब्लू क्रास’ वैटरनरी मेडिसिन स्टोर खोलने जा रही है। इस पहल से पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं रियायती दरों पर मिल सकेंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पंजाब के पशुपालन, मत्स्य पालन और डेयरी विकास मंत्री सरदार गुरमीत सिंह खुडियां ने बताया कि ‘ब्लू क्रास’ स्टोरों पर सभी जेनेरिक वैटरनरी दवाओं पर 30 प्रतिशत तक और ब्रांडेड दवाओं पर 20 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसका उद्देश्य गुणवत्ता से समझौता किए बिना पशुपालकों पर आर्थिक बोझ को कम करना है।
मंत्री ने बताया कि ये स्टोर गुरदासपुर, पटियाला, लुधियाना, संगरूर, श्री मुक्तसर साहिब और अमृतसर जिलों में स्थित अत्याधुनिक वैटरनरी पॉलीक्लीनिकों के भीतर स्थापित किए जा रहे हैं। इन पॉलीक्लीनिकों में पिछले वर्ष उन्नत इंडोर पेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) सेवाएं भी शुरू की गई थीं। यह पहल राज्य में मजबूत, संस्थागत और मल्टी-स्पेशियलिटी पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सरदार गुरमीत सिंह खुडियां ने कहा कि किसान पंजाब की खुशहाली की रीढ़ हैं और उनके पशुओं का स्वास्थ्य सीधे तौर पर उनकी आय और जीवन स्तर से जुड़ा हुआ है। ‘ब्लू क्रास’ स्टोर पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को किफ़ायती और सुलभ बनाकर पशुओं की सेहत सुधारने और किसानों की खुशहाली बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस पहल से रोकथाम आधारित देखभाल को बढ़ावा मिलेगा, जिससे पशुपालकों का खर्च कम होगा। पॉलीक्लीनिकों के भीतर ही दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होने से किसानों का समय भी बचेगा। साथ ही, जांच से लेकर इलाज और रिकवरी तक सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलने से पशुधन देखभाल प्रणाली अधिक प्रभावी और सुचारू बनेगी।
पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव राहुल भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि प्रणाली को सुदृढ़ करने और पशुपालन वैल्यू चेन से जुड़े हर हितधारक की भलाई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहलें पंजाब को पशुधन कल्याण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में और मजबूत करेंगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 5 6
Total Users : 366656
Total views : 600323

शहर चुनें