October 13, 2026 4:28 pm

October 13, 2026 4:28 pm

HARYANA: सूरजकुंड झूला हादसा: एफआईआर दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार

ड्यूटी के दौरान शहीद हुए निरीक्षक जगदीश प्रसाद का पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा गया

फरीदाबाद, 8 फरवरी 2026:. 7 फरवरी को सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय मेला परिसर में हुए झूला हादसे के मामले में थाना सूरजकुंड में तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है। झूला संचालित करने वाली हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हादसे में झूला टूटने से कई लोग घायल हो गए थे। घायलों को बचाने के प्रयास में हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद की ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक परिजनों को सौंप दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। इस टीम में सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2, प्रभारी क्राइम ब्रांच एनआईटी तथा थाना सूरजकुंड के उप निरीक्षक संजय को शामिल किया गया है। एसआईटी द्वारा वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर गहन जांच की जा रही है।

जांच के दौरान मेला परिसर में झूले लगाने वाली कंपनी हिमाचल फन केयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर, निवासी गांव टोका नंगला, जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश) तथा एक अन्य आरोपी नितेश, निवासी धर्मपुरी, सदर मेरठ कैंट (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

घटना के बाद पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल एवं पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र कुमार गुप्ता ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचकर शहीद निरीक्षक जगदीश प्रसाद के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। पुलिस महानिदेशक ने कहा कि निरीक्षक जगदीश प्रसाद ने ड्यूटी के दौरान घायलों को बचाने का साहसिक और सराहनीय प्रयास किया। उनका निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। विभाग की ओर से परिजनों को यथासंभव आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी तथा अनुकंपा नीति के तहत पात्र सदस्य को नौकरी दी जाएगी।

पुलिस महानिदेशक ने सिविल अस्पताल फरीदाबाद और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों का भी हालचाल जाना। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए थे, जिनमें महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम, महिला सिपाही शर्मिला, एसपीओ राजेश, हर्ष प्रकाश, प्रशांत, अमीषा, परविंदर, सुनील, शिवानी, बलबीर, अनुज और पूजा शामिल हैं।

इनमें से पांच घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि शेष घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 5 8 8
Total Users : 429588
Total views : 684978

शहर चुनें