August 27, 2026 11:38 pm

August 27, 2026 11:38 pm

सोनीपत में एसीबी की बड़ी कार्रवाई; महिला ब्लॉक पटवारी 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, चाय वाला भी दबोचा

सोनीपत: हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में पंचायती विभाग की महिला ब्लॉक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुदेश कुमारी के रूप में हुई है, जिसे 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय पकड़ा गया। इस कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।

शिकायत के आधार पर बिछाया गया ट्रैप
यह कार्रवाई गांव सिसाना निवासी अनिल की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि पंचायती जमीन का मालिकाना हक दिलवाने के बदले पटवारी सुदेश कुमारी ने उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस रोहतक की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप तैयार किया।

चाय वाले के जरिए होती थी रिश्वतखोरी
एसीबी की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पटवारी सीधे रिश्वत न लेकर बीडीपीओ कार्यालय परिसर में स्थित ‘कृष्ण चाय वाले’ के माध्यम से पैसे मंगवाती थी। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने रिश्वत की राशि चाय वाले को सौंपी। जैसे ही पैसे दिए गए, मौके पर मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पटवारी के साथ चाय वाला भी गिरफ्तार
इस मामले में एसीबी ने महिला पटवारी सुदेश कुमारी के साथ-साथ उसके सहायक की भूमिका निभा रहे चाय वाले ईश्वर को भी हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी का यह नेटवर्क कब से चल रहा था और इसमें कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी तो शामिल नहीं है।

रिकॉर्ड खंगालने में जुटी एसीबी
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी पटवारी के पूरे रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि इससे पहले भी उसने जमीन या रजिस्ट्री से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार किया है या नहीं।

डीएसपी विपिन कादियान का बयान
एसीबी के डीएसपी विपिन कादियान ने बताया,
“हमें शिकायत मिली थी कि ब्लॉक पटवारी सुदेश कुमारी रजिस्ट्री करवाने के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप लगाकर उसे उसके सहायक चाय वाले सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 2 3 8
Total Users : 399238
Total views : 644470

शहर चुनें