September 22, 2026 3:20 am

September 22, 2026 3:20 am

अंबाला में भीषण सड़क हादसा: ट्रक पलटने से बाइक और ऑटो सवार दो लोगों की मौत, हाईवे पर लंबा जाम

अंबाला: अंबाला में दिल्ली–अमृतसर नेशनल हाईवे पर शाहपुर के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली की ओर से अंबाला आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहले कई वाहनों से टकराया और फिर पलट गया। ट्रक के नीचे दबने से बाइक सवार और थ्री-व्हीलर (ऑटो) सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।

पहले कार को टक्कर, फिर पलटा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था और गलत दिशा में चल रहा था। सबसे पहले उसने एक कार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद ट्रक आगे बढ़ते हुए संतुलन खो बैठा और पलट गया। पलटते ही पास से गुजर रहे बाइक और ऑटो उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह दास्तान
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “हम अंबाला की ओर जा रहे थे। सर्विस लेन पर एक ट्रक बेहद लापरवाही से चल रहा था। उसने पहले हमारी गाड़ी को टक्कर मारी और फिर आगे जाकर कई वाहनों को चपेट में लिया। देखते ही देखते ट्रक पलट गया और उसके नीचे लोग दब गए।”
दूसरे प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “ट्रक की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। पलटते ही चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।”

पुलिस और क्रेन की मदद से हटाया गया ट्रक
सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कई क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे बहाल हो सका। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर लंबा जाम लगा रहा।

SHO का बयान
पड़ाव थाना के SHO धर्मवीर ने बताया, “आज सुबह करीब 10 बजे हादसे की सूचना मिली थी। ट्रक पलटने से थ्री-व्हीलर और बाइक उसके नीचे आ गए, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 8 6 2
Total Users : 417862
Total views : 669370

शहर चुनें