August 28, 2026 8:13 am

August 28, 2026 8:13 am

HARYANA: स्वास्थ्य में सुधार के बाद अनिल विज को अस्पताल से छुट्टी, घर पर डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे

पैरों में फ्रैक्चर के चलते बजट सत्र में शामिल होना मुश्किल
पवन चोपड़ा

Chandigarh।  हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज की तबीयत में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। गुरुवार को अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर परिजन और सुरक्षा में तैनात जवान उन्हें अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया। देर शाम स्वास्थ्य में सुधार आने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी। फिलहाल वे घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, अनिल विज का ब्लड प्रेशर अचानक गड़बड़ा गया था, जिसके चलते एहतियातन उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की देखरेख में उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि अनिल विज कुछ दिन पहले बाथरूम में फिसलने से गिर गए थे, जिससे उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया था। डॉक्टरों ने उन्हें तीन सप्ताह तक प्लास्टर के साथ पूर्ण विश्राम की सलाह दी है। इसी कारण शुक्रवार से शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में उनके शामिल होने पर संशय बना हुआ है।
अनिल विज सात बार के विधायक हैं और भाजपा सरकारों में लगातार तीसरी बार मंत्री बने हैं। विधानसभा सत्रों में उनकी दमदार और आक्रामक उपस्थिति सत्ता पक्ष के लिए मजबूत सहारा मानी जाती है, जबकि विपक्ष के लिए अक्सर असहज स्थिति पैदा करती रही है। विपक्षी मुद्दों पर उनकी हाजिरजवाबी और अनुभव के कारण सदन में उनकी भूमिका बेहद प्रभावी रहती है। ऐसे में इस बजट सत्र में उनकी संभावित अनुपस्थिति को कांग्रेस के लिए राहत भरी खबर के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी उल्लेखनीय है कि जब अनिल विज विपक्ष में थे और कांग्रेस सत्ता में थी, तब भी उनकी मौजूदगी विधानसभा में सरकार के लिए चुनौती बनी रहती थी। वे उन गिने-चुने विधायकों में रहे हैं जो सत्रों में शायद ही कभी अनुपस्थित रहते हों। यहां तक कि कोरोना काल में भी वे ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ विधानसभा सत्रों में हिस्सा लेते रहे।
अनिल विज की मजबूरी में सदन से दूरी सत्ता पक्ष के लिए भी एक बड़ी कमी मानी जा रही है। वे भाजपा के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी विधायकों में शामिल हैं। वर्तमान में उनके पास ऊर्जा, परिवहन और श्रम जैसे महत्वपूर्ण विभाग हैं। बजट सत्र के दौरान इन विभागों से जुड़े सवालों के जवाब अब अन्य मंत्रियों को देते हुए देखा जा सकता है। वरिष्ठ मंत्रियों में शामिल कृष्ण लाल पंवार के इन दायित्वों को संभालने की संभावना जताई जा रही है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 2 9
Total Users : 399329
Total views : 644584

शहर चुनें