October 11, 2026 7:15 am

October 11, 2026 7:15 am

एयर एंबुलेंस क्रैश में 7 की मौत, सोनीपत के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सोनीपत : झारखंड के चतरा जिले में देर रात हुए दर्दनाक एयर एंबुलेंस हादसे में मरीज, उसकी पत्नी, रिश्तेदार, मेडिकल स्टाफ और क्रू मेंबर समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में हरियाणा के सोनीपत से जुड़े एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक मरीज की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। उनके साथ पत्नी अर्चना देवी, रिश्तेदार ध्रुव कुमार, मेडिकल टीम और क्रू मेंबर विमान में सवार थे। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं।

होटल में आग लगने से 60 प्रतिशत झुलसे थे संजय
संजय के भाई अजय ने मीडिया को बताया कि उनका परिवार मूल रूप से झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा कस्बे का रहने वाला है। संजय वहां एक होटल संचालक के रूप में काम करते थे। पिछले सोमवार को होटल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई, जिसमें संजय करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए थे।
उन्हें रांची के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां एक सप्ताह तक इलाज चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें दिल्ली स्थित Sir Ganga Ram Hospital ले जाने का निर्णय लिया गया। इसी उद्देश्य से एयर एंबुलेंस बुक की गई थी।

टेकऑफ के कुछ देर बाद हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, रांची से उड़ान भरने के लगभग 45 मिनट बाद एयर एंबुलेंस के क्रैश होने की सूचना मिली। उस समय परिवार के सदस्य दिल्ली में अस्पताल पहुंचने की तैयारी में थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
अजय ने बताया कि संजय के दो छोटे बेटे हैं। इलाज के लिए परिवार ने लाखों रुपये का कर्ज लिया था ताकि उनकी जान बचाई जा सके, लेकिन हादसे ने सारी उम्मीदें खत्म कर दीं। उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अजय फिलहाल सोनीपत में किराए के मकान में रहते हैं और हरियाणा सरकार में चपरासी के पद पर कार्यरत हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर यह दोहरी मार साबित हुई है।
यह हादसा न केवल एक परिवार के सपनों को चकनाचूर कर गया, बल्कि एयर एंबुलेंस सेवाओं की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर गया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 1 7 4
Total Users : 428174
Total views : 683085

शहर चुनें