चिड़गांव थाना में किडनैपिंग का मामला दर्ज, शोघी बैरियर पर देर रात कार्रवाई; एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले तीन यूथ कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा
शिमला। शिमला जिले के रोहड़ू से कथित अवैध गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को दिल्ली पुलिस और हिमाचल प्रदेश पुलिस आमने-सामने आ गईं। पूरे घटनाक्रम ने हाई वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया। देर रात शिमला पुलिस ने दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में चिड़गांव थाना में अपहरण (किडनैपिंग) का मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
शिमला पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह सूचना मिली कि करीब 20 अज्ञात व्यक्ति सादे कपड़ों में वाहन में आए और चिड़गांव क्षेत्र के मांडली स्थित एक रिजॉर्ट में ठहरे तीन युवकों को जबरन उठाकर ले गए। आरोप है कि चांशल रिजॉर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी बिना किसी फर्द या रसीद के साथ ले जाया गया।
सूचना के आधार पर चिड़गांव थाना में एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की गई। जांच के दौरान देर रात शोघी बैरियर पर संबंधित वाहन को रोका गया और दिल्ली पुलिस के 20 जवानों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
एआई समिट प्रदर्शन से जुड़ा है मामला
जानकारी के मुताबिक दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने रोहड़ू से हिरासत में लिया था। प्रदर्शन के बाद तीनों युवक रोहड़ू के एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया जा रहा था।
कोर्ट तक पहुंचा मामला
शिमला और सोलन में नाके लगाकर हिमाचल पुलिस ने संबंधित वाहनों को रोका। बाद में दोनों पक्ष शिमला के चक्कर कोर्ट पहुंचे। सूत्रों के अनुसार बालूगंज थाना प्रभारी की ओर से एसीजेएम न्यायालय में निजी शिकायत दायर की गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस को बिना सूचना दिए कार्रवाई की, जो अवैध है।
अदालत से तत्काल राहत न मिलने के बाद दिल्ली पुलिस टीम तीनों युवकों को लेकर आगे बढ़ी, लेकिन शोघी बैरियर पर फिर वाहन को रोक लिया गया। हिमाचल पुलिस ने स्पष्ट किया कि चिड़गांव थाना में अपहरण का मामला दर्ज हो चुका है, इसलिए दिल्ली पुलिस कर्मियों को जांच में शामिल होना होगा।
हाईवे पर तनावपूर्ण स्थिति
सायं करीब 7:20 बजे दिल्ली पुलिस न्यायालय परिसर से शिमला-कालका हाईवे की ओर रवाना हुई, लेकिन पूरे घटनाक्रम के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। मीडिया कैमरों के सामने दोनों राज्यों की पुलिस के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोनों राज्यों की पुलिस के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है।











Total Users : 290986
Total views : 493105