October 12, 2026 1:55 pm

October 12, 2026 1:55 pm

फर्जी पत्रकार बन दुकानदारों से वसूली, चार गिरफ्तार धमकाकर ऐंठे रुपये, एक आरोपी फरार

विमल चोपड़ा
जीरकपुर, 27 फरवरी। शहर में फर्जी पत्रकार बनकर दुकानदारों को ब्लैकमेल कर रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पंजाब पुलिस के अधीन थाना जीरकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
किराना दुकानदार से मांगे 5000 रुपये
पीड़ित बिकेश कुमार, निवासी गांव माधोपुर स्वरूप (बिहार), हाल निवासी गाजीपुर, जीरकपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र में किराना व चाय की दुकान चला रहा है।
25 फरवरी को दोपहर करीब सवा तीन बजे इरबनप्रीत सिंह अपने एक साथी के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा। उसने छोटे गैस सिलेंडर भरकर बेचने का आरोप लगाते हुए खुद को पत्रकार बताया। आरोपियों ने खबर प्रकाशित कराने और पुलिस केस दर्ज कराने की धमकी देकर 5000 रुपये की मांग की। डर के कारण पीड़ित ने फोनपे के माध्यम से 1200 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
डॉक्टर की दुकान से भी वसूले 2000 रुपये
शाम करीब छह बजे आरोपी तीन अन्य साथियों के साथ कार में लौटे और पास की एक डॉक्टर की दुकान पर भी दबाव बनाकर 2000 रुपये वसूल लिए। इस दौरान आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
दुकान मालिक हरदीप सिंह ने आरोपियों से पहचान पत्र दिखाने को कहा, जो संदिग्ध प्रतीत हुआ। शक होने पर स्थानीय लोगों ने चारों को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
चार गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरबनप्रीत सिंह, मोहित, गुरशरण सिंह और अभिषेक ठाकुर के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
थाना जीरकपुर पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले कहीं और इस प्रकार की वारदात तो नहीं की।
पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा धमकी या वसूली की कोशिश किए जाने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 3
Total Users : 429173
Total views : 684392

शहर चुनें