सोनीपत: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोनीपत में आयोजित गौशालाओं के चारा अनुदान वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने धर्मार्थ गौशाला के 126वें वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों में आकर उन्हें गर्व की अनुभूति होती है।
होली की दी शुभकामनाएं, सेवा भावना पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली के महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सकारात्मक सोच, सेवा और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने का अवसर देता है। समाज और सरकार मिलकर गोसेवा के माध्यम से मानवीय मूल्यों को मजबूत कर सकते हैं।
27 गौशालाओं को 5.60 करोड़ रुपये की चारा राशि
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सोनीपत जिले की 27 पंजीकृत गौशालाओं के लिए 5 करोड़ 60 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी की जाएगी। इसके साथ ही आज प्रदेश की 602 पंजीकृत गौशालाओं को 68 करोड़ 34 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि वितरित की जाएगी।
अब तक 525 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले सवा 11 वर्षों में पंजीकृत गौशालाओं को 457 करोड़ 41 लाख रुपये की अनुदान राशि दी जा चुकी है। आज जारी की जा रही राशि को मिलाकर यह आंकड़ा बढ़कर 525 करोड़ 75 लाख रुपये हो जाएगा।
697 पंजीकृत गौशालाओं में चार लाख से अधिक गोवंश
उन्होंने जानकारी दी कि हरियाणा में वर्तमान में 697 पंजीकृत गौशालाएं संचालित हैं, जिनमें चार लाख से अधिक बेसहारा गोवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। सरकार गौशालाओं के विकास, प्राकृतिक खेती और गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सौर ऊर्जा आधारित गौशालाओं की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट में प्रदेश की सभी पंजीकृत गौशालाओं को सौर ऊर्जा आधारित परिसर में परिवर्तित करने का प्रावधान किया गया है, ताकि गौशालाएं आत्मनिर्भर बन सकें।
पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तार
इस बजट में 7 नए पशु औषधालय खोलने का प्रावधान किया गया है। साथ ही प्रदेश में 4 नए राजकीय पशु चिकित्सालय खोलने की घोषणा भी की गई है, जिससे पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
राष्ट्रीय गोकुल मिशन का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देसी नस्ल की गायों के संरक्षण के लिए राष्ट्रीय गोकुल मिशन की शुरुआत की गई, जिससे देशभर में गोवंश संरक्षण को नई दिशा मिली है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गोवंश संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।











Total Users : 290981
Total views : 493098