August 28, 2026 7:45 am

August 28, 2026 7:45 am

डेराबस्सी से जीरकपुर बाईपास तक बनेगा 10 किलोमीटर लंबा एलीवेटिड हाईवे, सफर होगा आसान: अनिल विज

रमेश गोयत
चंडीगढ़/अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिलने की जानकारी देते हुए बताया कि डेराबस्सी से जीरकपुर बाईपास तक करीब 10 किलोमीटर लंबा एलीवेटिड (जमीन से ऊंचा) हाईवे बनाया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद अंबाला से चंडीमंदिर, कालका और शिमला की ओर जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिलेगी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।

1464 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा हाईवे
मंत्री विज ने बताया कि यह नया एलीवेटिड रोड निर्माणाधीन अंबाला-मोहाली हाईवे से शुरू होकर सीधे जीरकपुर बाईपास से जुड़ेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 1464 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सड़क डेराबस्सी के रज्जो माजरा क्षेत्र से शुरू होकर जीरकपुर बाईपास तक पहुंचेगी, जिससे अंबाला से आने वाले वाहन बिना किसी रुकावट सीधे बाईपास पर चढ़ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में डेराबस्सी और जीरकपुर के बीच ट्रैफिक दबाव काफी अधिक है, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है। एलीवेटिड रोड बनने से स्थानीय ट्रैफिक और बाहरी ट्रैफिक अलग-अलग हो जाएगा, जिससे जाम की समस्या में कमी आएगी और ईंधन की भी बचत होगी।

कालका-शिमला जाने वालों को मिलेगा सीधा लाभ
इस परियोजना का सीधा लाभ चंडीमंदिर, कालका और हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को मिलेगा। एलीवेटिड कनेक्टिविटी से वाहन जीरकपुर शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्से में प्रवेश किए बिना आगे बढ़ सकेंगे। इससे औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

नितिन गडकरी का जताया आभार
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि उन्होंने इस परियोजना को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सिफारिश की थी। परियोजना पर काम शुरू होने पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मंत्री विज ने विश्वास जताया कि इस एलीवेटिड हाईवे के निर्माण से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि अंबाला, डेराबस्सी और जीरकपुर क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 2 3
Total Users : 399323
Total views : 644578

शहर चुनें